*TV 20 NEWS || AZAMGARH :एफएलसी कार्य पूर्ण होने के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का सीलिंग कार्य*
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराई गई ईवीएम/वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) प्रक्रिया
आजमगढ़, 05 नवम्बर 2026//
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के दृष्टिगत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत वेयर हाउस को सील करने की कार्यवाही संपन्न कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं प्रोटोकॉल के अनुसार उनके सतत पर्यवेक्षण में ईवीएम/वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया गया। एफएलसी कार्य के दौरान नियमित रूप से निरीक्षण कर जांच प्रक्रिया की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन का जायजा लिया जाता रहा। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यशीलता सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही संबंधित तकनीकी कार्मिकों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि जांच की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि ईवीएम/वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील चरण है। इसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रत्येक प्रक्रिया का अनुपालन सुनिश्चित किया गया। एफएलसी कार्य में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति एवं सहभागिता के माध्यम से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने एफएलसी कार्य पूर्ण होने के उपरांत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयर हाउस सीलिंग की कार्यवाही संपन्न कराई। इस दौरान वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीलिंग प्रक्रिया तथा संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस की सुरक्षा, निगरानी एवं रखरखाव में निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, ईवीएम प्रभारी विकास सिंह, जीएम सहकारी चीनी मिल सठियांव सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






