*TV 20 NEWS || LUCKNOW:डॉ. अंबेडकर अस्थि कलश बचाओ संघर्ष मोर्चा ने किया महामानव गौतम बुद्ध का सामूहिक पूजन-वंदन*

*डॉ. अंबेडकर अस्थि कलश बचाओ संघर्ष मोर्चा ने किया महामानव गौतम बुद्ध का सामूहिक पूजन-वंदन*

*पंचशील एवं त्रिशरण का पाठ कर नशीले पदार्थों से दूर रहने और अहिंसा के मार्ग पर चलने का दिया संदेश*

*संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बाबा साहब सहित महापुरुषों को किया नमन*

लखनऊ। प्राग दत्त

विधानसभा स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर मार्ग पर लोक भवन के निकट भारत रत्न बाबा साहब डॉ. अंबेडकर महासभा परिसर में डॉ. अंबेडकर अस्थि कलश बचाओ संघर्ष मोर्चा, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में महामानव गौतम बुद्ध का सामूहिक पूजन-वंदन एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मोर्चा के संयोजक एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलाकांत गौतम, राष्ट्रीय भागीदारी आंदोलन के संयोजक पीसी कुरील, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता जल निगम ई. भीमराज, वरिष्ठ सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी रामकुमार वर्मा, पूर्व उपनिदेशक सूचना प्रमोद कुमार, समाजसेवी रामचंद्र पटेल, संपादक ज्ञान प्रकाश जखमी, रामशंकर एवं सियाराम सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलाकांत गौतम ने उपस्थित लोगों को पंचशील एवं त्रिशरण का पाठ कराते हुए भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें अकारण प्राणी हिंसा से दूर रहना चाहिए, बिना दी गई वस्तु को ग्रहण नहीं करना चाहिए तथा काम भावना से विरत रहकर नैतिक एवं संयमित जीवन जीना चाहिए। पंचशील की शिक्षाएं झूठ बोलने, चुगली करने, शराब एवं सभी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में शांति, सद्भाव और नैतिकता स्थापित की जा सकती है।
इस अवसर पर महामानव गौतम बुद्ध, संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, पेरियार रामास्वामी नायकर, पेरियार ललई सिंह यादव, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, संत रविदास, संत कबीरदास, वीरांगना झलकारी बाई एवं महात्मा ज्योतिबा फुले सहित अनेक महापुरुषों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में पीसी कुरील, पूर्व कृषि निदेशक रामशब्द जैसवार, पूर्व उपनिदेशक सूचना प्रमोद कुमार एवं पूर्व अधीक्षण अभियंता ई. भीमराज ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े सम्मान और उत्साह के साथ मनाया जाता है। भारतीय संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा था। भारत सरकार ने वर्ष 2015 में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर 26 नवंबर को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस घोषित किया था।
वक्ताओं ने कहा कि संविधान केवल नियमों की पुस्तक नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करने वाला सुरक्षा कवच है। संविधान दिवस के अवसर पर हम सभी को अपने मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ राष्ट्रीय कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लेना चाहिए।