*TV 20 NEWS || AZAMGARH :श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन एवं उपभोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव का भव्य आयोजन*

 

मिलेट्स आधारित व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी ने मोहा लोगों का मन, उत्कृष्ट रेसिपी तैयार करने वाले होटल संचालक हुए सम्मानित

किसानों को मिलेट्स की खेती अपनाने तथा आमजन को दैनिक आहार में मोटे अनाज शामिल करने के लिए किया गया प्रेरित

लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से श्रीअन्न के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व का दिया गया संदेश

आजमगढ़, 25 नवम्बर 2026//

कृषि विभाग, आजमगढ़ के तत्वावधान में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्रीसीरियल घटक), केंद्र सेक्टर योजना के तहत जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव/मेले तथा उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम (राज्य सेक्टर) के अंतर्गत मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन हरिऔध कला भवन, आजमगढ़ में किया गया। महोत्सव का उद्देश्य श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन एवं उपभोग को प्रोत्साहित करने, इसके पोषण संबंधी महत्व से आमजन को परिचित कराने तथा मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों एवं व्यंजनों को लोकप्रिय बनाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किसान मोर्चा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री घनश्याम पटेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में खेलकूद प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी समिति सूरज श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, गणमान्य नागरिकों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों, होटल संचालकों, कृषकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए महोत्सव के उद्देश्यों एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

मुख्य अतिथि घनश्याम पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीअन्न (मिलेट्स) हमारी पारंपरिक कृषि संस्कृति एवं खानपान का अभिन्न हिस्सा रहा है। बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों के बीच मोटे अनाज का उत्पादन एवं उपभोग बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स पोषक तत्वों से भरपूर पारंपरिक खाद्यान्न हैं, जिन्हें दैनिक आहार में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने किसानों से मिलेट्स की खेती को अपनाने तथा आमजन से अपने भोजन में ज्वार, बाजरा, रागी एवं अन्य मोटे अनाज को शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीअन्न को जन-जन तक पहुंचाने में इस प्रकार के महोत्सव एवं जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि सूरज श्रीवास्तव ने मिलेट्स के व्यापक उपयोग, पोषण संबंधी विशेषताओं एवं इसके प्रति जनजागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज को केवल पारंपरिक खाद्यान्न तक सीमित न रखकर आधुनिक खानपान की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न स्वादिष्ट एवं आकर्षक व्यंजनों के माध्यम से भी लोकप्रिय बनाया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी भी इनके उपयोग के प्रति आकर्षित हो सके।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश यादव एवं एस.के. मिश्रा ने मिलेट्स के पोषण संबंधी महत्व, उत्पादन तकनीक, उपयोगिता एवं मूल्य संवर्धन की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ज्वार, बाजरा, रागी सहित विभिन्न मोटे अनाज को दैनिक भोजन का हिस्सा बनाकर संतुलित एवं पौष्टिक आहार को बढ़ावा दिया जा सकता है। साथ ही मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों के प्रसंस्करण एवं व्यावसायिक उपयोग की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

महोत्सव में जनपद के विभिन्न होटल संचालकों द्वारा मिलेट्स से तैयार स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं आकर्षक व्यंजनों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में ज्वार, बाजरा, रागी एवं अन्य मोटे अनाज से तैयार विभिन्न प्रकार की रेसिपी प्रस्तुत की गईं। होटल संचालकों ने अपने व्यंजनों के माध्यम से यह प्रदर्शित किया कि पारंपरिक मोटे अनाज का उपयोग आधुनिक खानपान के अनुरूप अनेक स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने में किया जा सकता है। प्रदर्शनी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों के प्रति आकर्षित करने के साथ ही होटल एवं खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को नई-नई रेसिपी विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। उत्कृष्ट एवं आकर्षक मिलेट्स रेसिपी तैयार करने वाले होटल संचालकों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। इससे मिलेट्स के व्यावसायिक उपयोग एवं बाजार में इसकी स्वीकार्यता बढ़ाने की दिशा में भी सकारात्मक संदेश दिया गया।

महोत्सव में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) की छात्राओं की विशेष उपस्थिति रही। विद्यार्थियों को श्रीअन्न के पोषण संबंधी महत्व, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। उनके उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कृत भी किया गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में पारंपरिक अनाज के प्रति रुचि विकसित करने तथा पौष्टिक खानपान की आदतों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोकगीत एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी मिलेट्स के महत्व एवं उपयोगिता का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में पारंपरिक खानपान एवं मोटे अनाज के उपयोग को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे कार्यक्रम में जनसहभागिता और उत्साह का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी हिमांशु सोनकर, भूमि संरक्षण अधिकारी हरिराज सिंह, ए.डी.एस.टी. शशिकेश सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, खाद्य विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, होटल संचालक, कृषक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महोत्सव के माध्यम से किसानों, उपभोक्ताओं, युवाओं एवं खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को श्रीअन्न के उत्पादन, उपयोग एवं प्रसंस्करण के प्रति जागरूक करते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मूल संदेश – श्रीअन्न अपनाएं, पोषण बढ़ाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनें।