मऊ। मुख्यमंत्री योगी ने 203 करोड़ की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 15 परियोजनाओं का शिलान्यास व विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय, प्रोफेसर राम सिंह, सहजानंद, पंडित श्याम नारायण पाण्डेय जी को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है वर्तमान में भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे एवं गोरखपुर-वाराणसी हाईवे की चर्चा करते हुए उन्होंने मऊ के लिए सौगात बताते हुए कहा कि मऊ वासियों के लिए अब लखनऊ, गोरखपुर एवं वाराणसी आने जाने की सुगमता बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारें गरीबी हटाने की योजना तो लाती थी पर गरीबी हटाती नहीं थी। हमारी सरकार गरीबों को फ्री में राशन, शौचालय, गैस एवं आवास देने का कार्य कर रही है। माफियाओं के संबंध में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा जिन माफियाओं ने गलत कार्यों द्वारा अपार संपत्ति अर्जित कर ली है, उन्हें पाताल से भी ढूंढकर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
दो बार लिया प. श्याम नारायण पांडेय का नाम: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने उद्बोधन में मऊ की कई विभूतियों का नाम लिया जिसमें हल्दीघाटी व पंडित श्याम नारायण पांडेय का दो बार जिक्र किया। साथ ही कल्पनाथ राय व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामजी सिंह का भी नाम लिया। मुख्यमंत्री के मुख से अपने विभूतियों व अपने नेता का नाम सुनकर जिले की जनता प्रफुल्लित नजर आई। जब मुख्यमंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर रामजी सिंह का नाम लिया तो मंच पर बैठे उनके सुपुत्र भाजपा नेता अरिजीत सिंह भाउक हो गये। बता दें कि प्रोफेसर साहब उस समय जिले में भाजपा का झंडा बुलंद किए थे जिस समय जनपद में मुख्तार अंसारी की तूती बोलती थी।

मंच की व्यवस्था देते नजर आए यशवंत सिंह: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय व सदर विधानसभा सीट से प्रत्याशी अशोक सिंह मिलकर अधिकारियों के साथ मंच की व्यवस्था देते नजर आये। जब तक मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंच नहीं आए तब तक यह तीनों नेता कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को देखते रहे, जब मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तब जाकर यह नेता अपनी सीट पर बैठे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया मुख्यमंत्री को गदा भेट: जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गद्दा भेंट किया। जैसे ही मुख्यमंत्री ने गदा अपने हाथों में लेकर ऊपर उठाया भीड़ ने योगी मोदी जय श्रीराम का नारा लगाया। जिला पंचायत अध्यक्ष का मुख्यमंत्री को गद्दा भेट करना लोगों में चर्चा का विषय रहा।
कताई मिल चालू करने की मांग: अपने उद्बोधन में कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने मुख्यमंत्री से जिले में बंद दोनों कताई मिल को चालू करने की मांग किया। जिले में जल्द मेडिकल कॉलेज के काम को चालू करने को कहा। साथ ही कहा कि मऊ को आपके बुलडोजर की आवश्यकता है। जैसे ही इन मांगों को कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा तो लोगों ने कहा कि आज कल्पनाथ राय की याद ताजा हो गई। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर दाहिने और कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, जिला अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, मधुबन विधायक रामविलास चौहान, एमएलसी जसवंत सिंह, पूर्व विधायक घोसी विजय राजभर, मुहम्मदाबाद विधानसभा प्रत्याशी पूनम सरोज, शकुंतला चौहान मौजूद रहे।
 
लोगों में कौतूहल का विषय: वहीं बाई और एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, प्रभारी सहजानंद राय, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु, सदर विधानसभा प्रत्याशी अशोक सिंह, व पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर मौजूद रहे। योगी की दाहिनी पंक्ति में बैठे यशवंत सिंह व बाई भक्ति में बैठे एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु दोनों पिता-पुत्र विधायकों को एक साथ मंच पर देखकर लोगों में कौतूहल का विषय बना रहा। साथ ही भाजपा के बरिष्ठ नेता अरिजीत सिंह के साथ अन्य नेता गण मंचासीन रहे।