UP: सेंट जेवियर्स हाईस्कूल की तीसरी मंजिल से कूदी 11वीं की छात्रा

कुशीनगर। नगर में स्थित सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में 11वीं की छात्रा बुधवार दोपहर को तीसरी मंजिल से नीचे कूद गई. फर्श पर खून से लथपथ छात्रा को देख परिसर में अफरा-तफरी मच गई. भागते हुए सभी लोग छात्रा के पास पहुंचे. आनन-फानन उसे नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया. छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.
दरअसल, नगर के मेन बाजार रोड निवासी 17 वर्षीय गरिमा चतुर्वेदी सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा है. स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही है. बुधवार को भौतिकी शास्त्र की प्रयोगात्मक परीक्षा चल थी. दोपहर लगभग एक बजे परीक्षा समाप्त होने पर बच्चे क्लास रूम से बाहर निकलने लगे. इस बीच छात्रा स्कूल के तीसरी मंजिल से नीचे कूद गई. फर्श पर गिरते ही वह अचेत हो गई. खून से लथपथ छात्रा को देख बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे. विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई. छात्रा की पहचान गरिमा चतुर्वेदी के रूप में हुई.