आजमगढ़: प्रवर अधीक्षक, डाकघर, आजमगढ़ मण्डल, ने बताया है कि नवरात्र का पर्व नारी शक्ति आराधना को समर्पित पर्व है।

प्रेस नोट
आजमगढ़ 12 अप्रैल– प्रवर अधीक्षक, डाकघर, आजमगढ़ मण्डल, ने बताया है कि नवरात्र का पर्व नारी शक्ति आराधना को समर्पित पर्व है। बेटियां और महिलाएं सशक्त होंगीं तो समाज व राष्ट्र भी उन्नति करेगा। उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भारतीय डाक विभाग ने सुकन्या समृद्धि योजना और महिला सम्मान बचत पत्र के माध्यम से आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में चैत्र नवरात्र के अवसर पर विशेष अभियान की शुरुआत की है। जनपद के सम्पन्न लोग नवरात्र में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहे परिवार की बेटियों को गोद लेकर उनके भी सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खुलवाने में मदद कर नौ कन्या पूजन कर सकते हैं। इसके लिए आजमगढ़ डाक मंडल ने यह विशेष अभियान शुरू किया है।
मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक अखिलेश कुमार ने बताया कि नारी सशक्तिकरण व उनके वित्तीय समावेशन की दिशा में सुकन्या समृद्धि योजना एवम महिला सम्मान बचत पत्र जैसी योजनाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। डाक विभाग ने सुकन्या समृद्धि योजना को जन जन तक पहुंचाने के लिए चैत्र नवरात्र में विशेष अभियान की शुरुआत की है। शून्य से दस वर्ष तक की बेटियों का खाता न्यूनतम 250 रुपये से किसी भी डाकघर में खुलवाया जा सकता है और एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रूपये, उसके 15 वर्ष की उम्र तक जमा हो सकता है, जो उसकी 21 वर्ष की उम्र तक लगभग 70 लाख की रकम में परिवर्तित हो जाएगा। इसमें 8.2 प्रतिशत ब्याज मिलता है, जो कि किसी भी लघु बचत योजना से अधिक है। आयकर की धारा 80 सी के तहत आयकर में डेढ़ लाख तक की छूट भी मिलती है।पिछले वित्तीय वर्ष में मंडल के अंतर्गत अबतक 10945 सुकन्या समृद्धि खाते तथा 2469 महिला सम्मान बचत पत्र के खाते खुलवाए गए हैं। सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए बिटिया के जन्म प्रमाण पत्र की प्रति और उसके माता या पिता के आधार कार्ड की प्रति और दो फोटो के साथ नजदीकी डाकघर में संपर्क किया जा सकता है। विस्तृत जानकारी भी डाकघरों से लिया जा सकता है।

——-जि0सू0का0 आजमगढ़-12.04.2024——–