*TV20 NEWS || AZAMGARH: आजमगढ़ में विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत 86% प्रपत्र डिजिटाइज*

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग आजमगढ़
—————–

आजमगढ़ 22 नवंबर– जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश में अर्हता दिनांक-01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचक नामावली का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कराया जा रहा है। जिसमे वर्तमान निर्वाचक विधान सभा निर्वाचक नामावली में सम्मिलित मतदाताओं के नाम के गणना प्रपत्र बूथ लेवल ऑफिसर द्वारा सम्बन्धित गतदाताओं को 02 प्रतियों में उपलब्ध कराये गये है।

उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र में दो भाग है, ऊपर के भाग में मतदाता को अपना वर्तमान का मांगा गया विवरण भरा जाना है। नीचे का भाग भी दो भाग में है, जिसमे बायीं तरफ के भाग में यदि मतदाता का नाम वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में सम्मिलित है तो वह अपना 2003 की निर्वाचन नामावली का विवरण भरेगा। यदि मतदाता का नाम वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में नहीं है तो दायीं तरफ वाले भाग में अपने सम्बन्धी यथा माता/पिता. दादा दादी, जिनका नाम 2003 की निर्वाचक नामावली में सम्मिलित है, उनका विवरण भरा जायेगा। ऐसी महिलाएं जिनका नाम 2003 की निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं है, वे गणना प्रपत्र के दायी तरफ वाले भाग में अपने माता पिता या दादा दादी जिनका नाम 2003 की निर्वाचक नामावली में राम्मिलित है उनका विवरण भरेंगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया हैं कि जनपद की 343 अतरौलिया विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 348 प्रा०वि० देवहाता की बूथ लेवल ऑफिसर श्रीमती प्रेमशीला जिन्होने आज दिनांक-22 नवंबर 2025 तक 86.48 प्रतिशत गणना प्रपत्रों के डिजिटाइ‌जेशन का कार्य पूर्ण कर लिया है।
बूथ लेवल ऑफिसर प्रेमशीला द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची का वर्ष 2025 की मतदाता सूची से मिलान कर मतदाताओं के सीरियल नम्बर नोट कर लिये थे। गणना प्रपत्र प्राप्त होते ही 02 प्रतियों में सम्बन्धित मतदाता को उपलब्ध कराया गया तथा गांव के सम्भ्रान्त व्यक्तियो यथा प्रधान, पूर्व प्रधान, कोटेदार, लेखपाल आदि के सहयोग से मतदाताओं से उनके गणना प्रपत्र भरवाकर संकलित किये गये तथा भरे हुए गणना प्रपत्रों को बी०एल०ओ० ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किया गया। इस प्रकार उन्होंने अपने बूथ में 821 मतदाताओं मे से 710 मतदाताओ के गणना प्रपत्र सकलित कर बी०एल०ओ० ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर लिया गया है।