पूरे मार्च माह चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को करेंगी जागरूक

 

आजमगढ़ 21 फरवरी– जनपद में कोविड टीकाकरण के साथ ही विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक पखवाड़ा की तैयारी शुरू हो गयी है| मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 मार्च से 31 मार्च तक चलेगा, जबकि 10 से 24 मार्च तक दस्तक पखवाड़ा मनाया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ एके सिंह ने बताया कि इस दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जाकर विभिन्न बिन्दुओं पर ब्योरा एकत्र करेंगी तथा एएनएम के माध्यम से सूचना संबंधित सरकारी अस्पताल पर भेजी जाएगी। अभियान और पखवाड़ा को सफल बनाने के लिए ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षण भी शुरू हो गया है।
अभियान और पखवाड़ा 11 विभागों के समन्वय से संचालित होगा। इसके लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी है।
अभियान के दौरान शारीरिक दूरी, हाथों की धुलाई, माॅस्क की अनिवार्यता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य कार्यकर्ता सावधानी रखते हुए मलेरिया और कोरोना से बचाव के बारे में बेहतर तरीके से जन समुदाय को जागरूक कर सकें।
जिले में दस्तक अभियान के तहत 10  से 24 मार्च के बीच आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय, लक्षण एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएंगी| इसके साथ ही आशा कार्यकर्ता घरों के अंदर जाकर मच्छरों के पैदा होने वाली परिस्थितियों का निरीक्षण करेंगी। मलेरिया जाँच में भी सहयोग करेंगी। लाॅकडाउन के दौरान टीकाकरण से वंचित रह गए बच्चों की सूची भी तैयार करेंगीl
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बुखार के रोगियों व क्षय रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों की सूची तैयार की जाएगी| इसके अलावा जन्म-मृत्यु पजीकरण की सूची तैयार करने के साथ ही दिमागी बुखार के कारण दिव्यांग हुए व्यक्तियों की सूची भी तैयार करेंगी।
सीएमओ ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, पंचायती राज एवं ग्राम्य विकास विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना विभाग तथा उद्यान विभाग के आपसी समन्वय से अभियान का सफल संचालन किया जाएगाl