मण्डलायुक्त ने मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों की माह दिसंबर 2025 की शासन स्तर से जारी ग्रेडिंग/रैंकिंग की किया समीक्षा
छात्रों की उपस्थिति का सत्यापन करते हुए पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाए- आयुक्त
निराश्रित महिला एवं वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों का कोई भी प्रकरण लंबित न रहे- आयुक्त
खराब ट्रांसफार्मर को बदलने से संबंधित आवेदनों को स्वीकृत करते हुए उसका तत्काल निस्तारण करें- आयुक्त
फसल बीमा योजना के लाभार्थियों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करें- आयुक्त
प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास की अंतिम किस्त जारी करने के साथ ही आवास का निर्माण कार्य समय से पूर्ण करायें- आयुक्त
एंबुलेंस 102 और 108 के औसत समय में सुधार लायें- आयुक्त
जो पौधे जीवित नहीं है, उनको सामाजिक वानिकी विभाग से समन्वय स्थापित कर रिप्लेस करें- आयुक्त
ग्राम पंचायत से ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बाउंड्रीवॉल एवं अन्य छोटे-छोटे आवश्यक कार्य करायें- आयुक्त
गौ आश्रय स्थलों का भ्रमण कर वहां की क्षमता के अनुसार गोवंश को संरक्षित किया जाए- आयुक्त
मण्डलायुक्त ने पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में आजमगढ़ को दूसरा स्थान प्राप्त होने पर जिलाधिकारी को दी बधाई
आजमगढ़ 28 जनवरी– मण्डलायुक्त श्री विवेक की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यों की माह दिसंबर 2025 की शासन स्तर से जारी ग्रेडिंग/रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि तत्परता से त्वरित कार्रवाई करते हुए रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में सुधार लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति में विशेष सावधानी रखें तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति को छात्रवृत्ति का लाभ न दिया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों की उपस्थिति का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी अपात्र छात्र को छात्रवृत्ति न मिलने पाए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण के मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रों को दशमोत्तर छात्रवृत्ति में विशेष ध्यान दें, जिससे रैंकिंग एवं ग्रेडिंग और अच्छी हो।
उन्होंने कहा कि निराश्रित महिला एवं वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों का कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि तकनीकी आधार पर किसी भी लाभार्थी का आवेदन निरस्त न किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके संबंध में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी को भी अवगत कराते रहें।
आयुक्त ने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के लंबित आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि मंडल के तीनों जनपद रैंकिंग और ग्रेडिंग में सुधार लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैंक के अधिकारियों से वार्ता करें तथा स्वीकृत किए गए लोन का वितरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि बैंक के अधिकारी यदि लाभार्थियों को परेशान करते हैं तो उच्च स्तर से समन्वय स्थापित कर उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि एकीकृत बागवानी के अंतर्गत आए हुए आवेदन के सापेक्ष शत प्रतिशत अनुमोदन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनांतर्गत जो आवेदन अभी तक लंबित हैं, उसको तत्काल खत्म करें।
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को बदलने वाले आवेदनों को स्वीकृत करते हुए उसका तत्काल निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार का कोई आवेदन लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि विद्युत बिल में सुधार हेतु आने वाले आवेदन, जो अभी तक लंबित हैं, उस पर तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत बिल में सुधार हेतु आने वाले आवेदन किसी भी दशा में बियोंड टाइम न होने पाए।
कृषि विभाग द्वारा संचालित फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि जितने लोगों ने फसल बीमा के भुगतान हेतु आवेदन किया है, उसका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करें तथा किसानों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा की फसल बीमा के भुगतान में यदि एजेंसी द्वारा लापरवाही की जाती है तो उनको बुलाकर बात करें तथा किसानों के भुगतान को सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास एवं मुख्यमंत्री आवास की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि जिन लोगों को अंतिम किस्त का भुगतान किया जा चुका है, उनके भवनों का निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा पहली एवं दूसरी किस्त पाने के बाद लाभार्थियों के भवन की प्रगति को देखते हुए तीसरी किस्त भी जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि एंबुलेंस 102 और 108 के औसत समय में सुधार लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में लैब टेस्ट में वृद्धि करें तथा अधिक से अधिक सीटी स्कैन चिकित्सालय में ही किया जाए। उन्होंने कहा कि रात्रि में आने वाले इमरजेंसी मरीजों के भी सीटी स्कैन एवं अन्य जांच की व्यवस्था प्रॉपर तरीके से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर बायोमेट्रिक अटेंडेंस अनिवार्य रूप से शत प्रतिशत सुनिश्चित करें। सीटी स्कैन का कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय की साफ सफाई अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में कोई भी कर्मी एक ही स्थान पर लंबे समय तक पोस्ट न रहे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की नियुक्ति हेतु रिमाइंडर शासन को प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी भुगतान किया जाए, उसमें वित्तीय नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करें।
मण्डलायुक्त ने कहा कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण को जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत सुनिश्चित कराया जाए।
सामाजिक वानिकीकरण की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि विभागवार सुनिश्चित किया जाए कि जो पौधे लगाए गए हैं, वह शत प्रतिशत जीवित रहें। उन्होंने कहा कि उच्च प्राथमिकता से जो पौधे जीवित नहीं है, उनको सामाजिक वानिकी विभाग से समन्वय स्थापित कर रिप्लेस करना सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि जिन विद्यालयों में फर्नीचर नहीं है, वहां के लिए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से शासन को पत्र प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से भी ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बाउंड्रीवॉल एवं अन्य छोटे-छोटे आवश्यक कार्य कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा एवं राज्य वित्त आयोग से भी स्कूल के गेट एवं क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवालों को ठीक किया जाए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि बच्चों की उपस्थिति एवं मिड-डे-मील की गुणवत्ता का अवश्य निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्यापकों की उपस्थिति शत प्रतिशत समय से सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों में अनुशासन एवं आत्मविश्वास की वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं खंड शिक्षा अधिकारी आपस में समन्वय कर विद्यालय में जो भी आवश्यक आवश्यकता है, उसको पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों का भ्रमण करें तथा वहां की क्षमता के अनुसार गोवंश को संरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि पशुओं का शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहभागिता योजनान्तर्गत दिए गए गौवंश का सत्यापन सुनिश्चित करने के बाद ही अनुदान की धनराशी जारी की जाए तथा इसके साथ ही सहभागिता योजना के अंतर्गत गोवंश की सुपुर्दगी में बढ़ोतरी सुनिश्चित करें।
स्किल डेवलपमेंट योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त महोदय ने कहा कि जो प्रशिक्षण केंद्र स्किल डेवलपमेंट के लिए चलाए जा रहा हैं, उसक निरीक्षण करें तथा वहां पर बच्चों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी इसकी स्वयं मॉनिटरिंग करें तथा किसी भी स्तर से गलत रिपोर्टिंग नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही मण्डलायुक्त द्वारा कन्या विवाह, ओडीओपी टूल किट वितरण योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पारिवारिक लाभ योजना, सेतुओं का निर्माण, सड़कों का अनुरक्षण, आईसीडीएस, कन्या सुमंगला योजना एवं अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही मंडलायुक्त महोदय ने पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में जनपद आजमगढ़ को दूसरा स्थान प्राप्त होने पर जिलाधिकारी को बधाई दी।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ श्री रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी बलिया श्री मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ श्री प्रवीण मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ श्री परीक्षित खटाना, मुख्य विकास अधिकारी बलिया श्री ओजस्वी राज, मुख्य विकास अधिकारी मऊ श्री प्रशान्त नागर, अपर आयुक्त मण्डल आजमगढ़ एवं अन्य सभी विभागों के मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।





