TV 20 NEWS || AZAMGARH :उधार माफी का लालच देकर महिला से दुष्कर्म का आरोप, महिला ने SP से लगाई न्याय की गुहार
आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने ज्वेलर्स दुकानदार पर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया कि फूलपुर स्थित शनिचर बाजार में स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान से सोने के आभूषण खरीदे थे, जिनमें कुछ धनराशि उधार रह गई थी। आरोप है कि दुकानदार ने उधार माफ करने के बदले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया, जिसका पीड़िता ने विरोध किया।
पीड़िता के अनुसार, एक दिन जब वह आभूषण की दुकान पर गई, तो आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश आने पर वह आरोपी के बेडरूम में अस्त-व्यस्त हालत में पड़ी थी। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना के बाद उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसका आपत्तिजनक वीडियो वायरल कर दिया जाएगा, जिससे वह डर गई और काफी समय तक चुप रही।
पीड़िता ने अब साहस जुटाकर पुलिस व प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।





