TV 20 NEWS || AZAMGARH :राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारम्भ कल जाफरपुर से सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा करेंगे कार्यक्रम की शुरुआत
जनपद में बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एनडीडी 10 फरवरी को आयोजित किया जाएगा, जबकि छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने हेतु मॉप-अप दिवस 13 फरवरी निर्धारित किया गया है।
डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी एनडीडी डॉ. अरविंद चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का औपचारिक शुभारम्भ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा द्वारा 10 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे जाफरपुर स्थित जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक विद्यालय) से किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों से कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेन्डाजोल की दवा खिलाकर कृमि संक्रमण, कुपोषण एवं एनीमिया जैसी समस्याओं में कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य, पोषण स्तर तथा शारीरिक-मानसिक विकास सुनिश्चित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
सीएमओ ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न विभागीय अधिकारियों एवं चिकित्साधिकारियों को जनपद के अलग-अलग सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में तैनात किया गया है। साथ ही सभी विद्यालयों व मदरसों को ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण तथा कार्यक्रम उपरांत रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. चौधरी ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण व शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए सभी अभिभावक सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे दवा अवश्य ग्रहण करें।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी विभागों, विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जनपद को कृमि संक्रमण से मुक्त किया जा सकता है।
(डाॅ एन आर वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़





