TV 20 NEWS || AZAMGARH :जलसे में चाय को लेकर विवाद, लाठी-डंडा और चाकू से हमला; दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान।

आज़मगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के खालिसपुर गांव में बुधवार को मदरसा दारुल उलूम इस्लामिया में आयोजित जलसे के दौरान चाय पिलाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। खालिसपुर निवासी वली उल्लाह पुत्र रफीउल्लाह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 11 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे वह जलसे में शामिल थे और चाय वितरण की व्यवस्था देख रहे थे। इसी दौरान चाय पीने की बात को लेकर शहजाद उर्फ फरमान पुत्र जाहिद हुसैन निवासी खालिसपुर तथा फिद्दी पुत्र मोबिन, मूल निवासी मरोड़े चांदपट्टी थाना रौनापार, ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडा और चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें कई चोटें आईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपित जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इस संबंध में जीयनपुर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।