*TV20 NEWS || AZAMGARH :मंडलीय चिकित्सालय में 20 फरवरी को वृहत पुरुष नसबंदी शिविर, प्रत्येक विकासखंड से न्यूनतम 05 लाभार्थी अनिवार्य*

कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी, आजमगढ़ से जारी

प्रेस विज्ञप्ति

मंडलीय चिकित्सालय में 20 फरवरी को वृहत पुरुष नसबंदी शिविर, प्रत्येक विकासखंड से न्यूनतम 05 लाभार्थी अनिवार्य

परिवार कल्याण कार्यक्रम को गति देने के उद्देश्य से आगामी 20 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को मंडलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में वृहत पुरुष नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। जनपद में पुरुष नसबंदी की उपलब्धि लक्ष्य के सापेक्ष कम होने के कारण इसे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएमओ ने सभी सामुदायिक, प्राथमिक व नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक विकासखंड से कम से कम 05 लाभार्थियों की पहचान कर उनकी आवश्यक जांच, कागजी कार्यवाही तथा परामर्श पूर्ण करते हुए शिविर में समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। इस कार्य में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, आशा, एएनएम, एलएचवी व पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य की गई है। शिविर के सफल संचालन के लिए समुचित समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुरुष नसबंदी के लाभ पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल आरसीएच डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि पुरुष नसबंदी एक सुरक्षित, सरल और स्थायी परिवार नियोजन उपाय है। यह एक छोटी प्रक्रिया है, जिसमें अधिक समय नहीं लगता और व्यक्ति शीघ्र ही सामान्य दिनचर्या में लौट सकता है। इससे पुरुषों की शक्ति, क्षमता या स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि परिवार की खुशहाली, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा जनसंख्या स्थिरीकरण में पुरुषों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया है कि परिवार कल्याण कार्यक्रम को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक पुरुषों को जागरूक करें और शिविर को सफल बनाएं।

(डाॅ. एन. आर. वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़