*TV20 NEWS || AZAMGARH :77 केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में 2,931 मरीजों ने उठाया लाभ – सीएमओ*
कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी से जारी
प्रेस विज्ञप्ति
77 केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में 2931 मरीजों ने उठाया लाभ – सीएमओ
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अवसर पर जनपद के मनचोभा, कुंदीगण, दलसिंगार एवं मड़या नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि जनपद के सभी 77 स्वास्थ्य केन्द्रों पर मेला सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें कुल 2931 मरीजों का पंजीकरण हुआ।
उन्होंने बताया कि मेले में 1030 पुरुष, 1599 महिलाएं तथा 302 बच्चों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। मेले के सफल संचालन हेतु 107 चिकित्सक एवं 313 पैरामेडिकल कर्मी तैनात रहे, जिन्होंने विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण सुनिश्चित किया।
डॉ. वर्मा ने बताया कि मेले में 360 मधुमेह, 166 उच्च रक्तचाप, 338 गैस्ट्रो, 293 श्वसन, 325 त्वचा रोग, 70 यकृत, 26 क्षय रोग तथा 57 एनीमिया के मरीजों का उपचार प्रारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त 208 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा 142 कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यक परामर्श एवं पोषण संबंधी निर्देश प्रदान किए गए।
उन्होंने आगे बताया कि कोविड-19 हेल्प डेस्क पर 345 मरीजों की जांच की गई तथा 51 गोल्डन कार्ड बनाए गए। गंभीर स्थिति वाले 25 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों हेतु रेफर किया गया, जिनमें मेडिकल, सामान्य शल्य, नेत्र, स्त्री एवं प्रसूति रोग, ईएनटी तथा अन्य श्रेणियों के मरीज शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने साफ-सफाई, ओपीडी व्यवस्था, दवा उपलब्धता, जांच सुविधाओं एवं उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के माध्यम से अधिकतम लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं तथा आयुष्मान भारत सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अपेक्षा की कि मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करें, जिससे आमजन का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास और सुदृढ़ हो।
(डाॅ. एन.आर. वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़





