TV 20 NEWS || AZAMGARH : उच्च न्यायालय के आदेश पर बाल सम्प्रेक्षण गृह मऊ का निरीक्षण

आजमगढ़ 25 फरवरी– मा0 उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के आदेशानुसार व माननीय जनपद न्यायाधीश, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पर्यवेक्षण समिति के सदस्यगण द्वारा आज बाल सम्प्रेक्षण गृह, मऊ का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सम्प्रेक्षण गृह मे साफ-सफाई औसतन पायी गयी, जिस पर सहायक अधीक्षक को सम्प्रेक्षण गृह में उचित साफ-सफाई के प्रबन्ध किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के समय सम्प्रेक्षण गृह के सहायक अधीक्षक श्री संजय कुमार मिश्रा द्वारा बताया गया कि आज की तिथि में बाल अपचारियों की कुल संख्या 119 हैं, जिसमें जनपद आजमगढ़ के 49 बाल अपचारी, जनपद मऊ के 24 बाल अपचारी, जनपद बलिया के 46 बाल अपचारी निरूद्ध है। निरीक्षण के समय बाल अपचारियों को शिक्षा के लिए सम्प्रेेक्षण गृह के अन्दर कक्ष बना हुआ है, जिसमें स्मार्ट बोर्ड लगा हुआ पाया गया। क्लास रूम में उजाले के लिए लाईट लगी हुयी पायी गयी। निरीक्षण के दौरान क्लास रूम में बाल अपचारियों को पढ़ाने के लिए 05 अध्यापक राजीव पाण्डेय, सुलक्षणा त्रिपाठी, धीरेन्द्र शास्त्री (बेसिक शिक्षा हेतु), रमेश चन्द्र, राजेश सिंह (माध्यमिक शिक्षा हेतु) नियुक्त है।

निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता उचित पायी गयी। निरीक्षण के समय सहायक अधीक्षक द्वारा यह अवगत कराया गया कि बाल सम्प्रेक्षण गृह में चस्पा मीनू के अनुसार बाल अपचारियों को भोजन दिया जाता है, जिसमें प्रातः नाश्ते में चना, पूडी, चाय, मध्य सुबह में एक मौसमी फल, दोपहर भोजन में छोला, चावल, रोटी दिया गया है। बाल अपचारियों से पूछ ताछ में उनके द्वारा खाने के सम्बन्ध में किसी प्रकार की शिकायत नहीं की गयी। बाल अपचारियों से उनके मुकदमें की पैरवी हेतु अधिवक्ता के बारे में पूछ ताछ की गयी तो बताया गया कि सभी के मुकदमें में पैरवी हेतु अधिवक्ता नामित है। समिति द्वारा खाद्यान्न स्टोर का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें साफ-सफाई को लेकर सहायक अधीक्षक को उचित दिशा-निर्देश दिया गया। बाल अपचारियों को कलाचित्र व पेटिंग सिखाने के लिए सप्ताह में 02 दिन प्रशिक्षक आते है। बाल अपचारियों के लिए नाट्य एवं संगीत हेतु श्रीमती ऋचा त्रिपाठी एवं आर्ट क्राफ्ट प्रशिक्षण हेतु श्री फूलचन्द्र नामित है। बाल अपचारियों के लिए खेल कूद हेतु सम्प्रेक्षण गृह के अन्दर बड़ा ऑगन बना हुआ है, जिसमें बच्चे खेल कूद व मनोरंजन करते है। बाल अपचारियों के खेल कूद हेतु बॉलीवाल, बैटमिटन आदि की व्यवस्था की गयी है। सम्प्रेक्षण गृह के निरीक्षण के दौरान बाल अपचारियों से इनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा गया तो सहायक अधीक्षक ने बताया कि सभी अपचारी स्वस्थ्य है, किसी को कोई गम्भीर बीमारी नहीं है। सहायक अधीक्षक को बाल अपचारियों के नियमित जॉच/उपचार कराने हेतु निर्देशित किया गया।