*TV 20 NEWS ||AZAMGARH: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष उत्साह के साथ आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला,प्रभारी सीएमओ ने किया विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण
8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद के सभी 77 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की सुविधा प्राप्त की तथा सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी ली।
मेले के दौरान कुल 2386 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 963 पुरुष, 1093 महिलाएं एवं 330 बच्चे शामिल रहे। विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 203 लोगों की जांच कोविड हेल्प डेस्क पर की गई तथा 9 एंटीजन टेस्ट किए गए। रोगों की जांच के दौरान 306 मधुमेह, 109 उच्च रक्तचाप, 266 गैस्ट्रो, 239 श्वसन, 274 त्वचा, 41 लीवर, 19 टीबी तथा 33 एनीमिया के मरीजों का उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त 125 गर्भवती महिलाओं की ANC जांच की गई तथा 117 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। मेले के दौरान 39 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए तथा 9 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आशा, एएनएम एवं महिला सीएचओ को सम्मानित किया गया तथा महिलाओं की सशक्त भूमिका पर विशेष गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल अज़ीज़ ने जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज (पलहनी), बिलरियागंज ब्लॉक स्थित भीमभर स्वास्थ्य केंद्र तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं तथा कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उपस्थित मिले।
इस अवसर पर प्रभारी सीएमओ डॉ. अब्दुल अज़ीज़ ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है। इस मंच के माध्यम से लोगों को निःशुल्क जांच, उपचार तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रही आशा, एएनएम और महिला स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि जन आरोग्य मेला के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित किया जाए तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।





