*TV 20 NEWS || AZAMGARH : एसआईआर विषयक राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक कर दी विस्तृत जानकारी
आजमगढ़ 02 अप्रैल 2026/
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अर्हता दिनांक-01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दृष्टिगत जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जनपद आजमगढ़ में दिनांक 06 जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशन के समय 3147652 मतदाता थे। आलेख्य मतदाता सूची में 1719537 पुरुष, 1428063 महिला एवं 52 अन्य श्रेणी के मतदाता थे। दिनांक 02 अप्रैल 2026 की स्थिति के अनुसार कुल 3362770 मतदाता दर्ज है, जिसमें 1829710 पुरुष मतदाता, 1533011 महिला एवं 49 अन्य श्रेणी के मतदाता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के दौरान 27 अक्टूबर 2025 से दिनांक-02 अप्रैल 2026 तक कुल 235833 फार्म-6 प्राप्त हुए है, जिसमें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए 231576 फार्म स्वीकृत किये गये, 1213 फार्म 6 अस्वीकृत किये गये। वर्तमान में 3044 फार्म-6 नियत समयावधि में लम्बित है। इसी प्रकार इस अवधि में कुल 12867 फार्म-7 प्राप्त हुए। अन्य जनपदों एवं प्रदेशों में निवासरत मतदाताओं द्वारा शिफ्टिंग के फार्म भरे गये थे, जिनके सापेक्ष जनपद-आजमगढ़ की विधान सभाओं में फार्म-7 ऑटो जनरेट हुए, जिनको लेकर 20021 फार्म 7 स्वीकृत हुए, 844 फार्म 7 अस्वीकृत किये गये। वर्तमान में 128 फार्म-7 नियत समयावधि में लम्बित है। इसी दौरान 59573 फार्म-8 प्राप्त हुए है, जिसमें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए 57246 फार्म स्वीकृत किये गये, 1010 फार्म-8 अस्वीकृत किये गये। वर्तमान में 1317 फार्म 8 नियत समयावधि में लम्बित है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 में स्वयं या अपने माता/पिता/दादा/दादी/नाना/नानी/अभिभावक से डाटा मैपिंग नहीं कराने के 158627 प्रकरण तथा 609920 लॉजिकल डिस्क्रिपेन्सी श्रेणी के प्रकरण आये। इस प्रकार कुल 768547 नोटिस सुनवाई के लिए जारी किये गये। संबंधित विधान सभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा इन सभी प्रकरणों पर सुनवाई करके इनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद आजमगढ़ के सभी सम्मानित मतदाताओ से अपील किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में परिवर्द्धन, अपमार्जन एवं संशोधन हेतु क्रमशः फार्म 6, 7 एवं 8 भरकर संबंधित विधान सभा के निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारियों को उपलब्ध करायें। उन्होने बताया कि मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन दिनांक 10 अप्रैल 2026 को होगा, जिसकी 01-01 प्रति हार्ड एवं साफ्ट कॉपी में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों को दिनांक-10 अप्रैल 2026 को निःशुल्क दी जायेगी तथा एक प्रति निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय पर निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा एवं समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





