TV 20 NEWS || AZAMGARH : जनगणना 2027 : जनपद आजमगढ़ ने 50 हजार स्वगणना का आंकड़ा किया पार

जनगणना 2027 : जनपद आजमगढ़ ने 50 हजार स्वगणना का आंकड़ा किया पार

आजमगढ़ 10 मई 2026/

जनपद आजमगढ़ में भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के अंतर्गत चलाए जा रहे स्वगणना अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करते हुए 50,000 से अधिक स्वगणना सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई हैं, जो कि प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
यह उपलब्धि जनपद प्रशासन, समस्त चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों, सुपरवाइजरों, जन सेवा केंद्र संचालकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि जनपद आजमगढ़ ने सीमित समय में जिस गति एवं प्रतिबद्धता के साथ स्वगणना अभियान को आगे बढ़ाया है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि जनभागीदारी, प्रशासनिक समन्वय एवं तकनीकी सशक्तिकरण का प्रतीक है।
उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी दिनों में भी अभियान को इसी ऊर्जा एवं गति के साथ संचालित करते हुए अधिक से अधिक परिवारों को स्वगणना से जोड़ा जाए, ताकि जनपद आजमगढ़ प्रदेश एवं देश स्तर पर एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर सके।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक स्वगणना पोर्टल
स्व गणना पोर्टल se.census.gov.in
पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर जनगणना 2027 में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी पारिवारिक एवं सामाजिक जानकारी सुरक्षित एवं सरल तरीके से दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बन सकेगी।
जनपद प्रशासन द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत मुख्यालयों, नगरीय क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजारों, जन सेवा केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुविधा डेस्क स्थापित कर नागरिकों को स्वगणना हेतु सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।

जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं स्वगणना करें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें, जिससे जनगणना 2027 को जनभागीदारी का एक सफल अभियान बनाया जा सके। “हमारी जनगणना, हमारा विकास”