TV 20 NEWS ||AZAMGARH ,21 मई को 17 परीक्षा केन्द्रों पर 7680 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे लेखपाल मुख्य परीक्षा में

आजमगढ़ 18 मई 2026/
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को (पूर्वान्हन 10 से 12 बजे तक) आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, जिसमें जनपद आजमगढ़ में निर्धारित 17 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 7680 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे है, परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन व निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वि/रा गंभीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक संपन्न हुआ।

परीक्षा के सफल एवं शान्ति पूर्ण संचालन हेतु परीक्षा केन्द्रों के आस-पास 200 मीटर की परिधि में भारतीय न्याय संहिता की धारा-163 लगाये जाने व ध्वनि विस्तारण यन्त्रों का प्रयोग तथा परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन एवं आई०टी० गजेट्स ले जाना पूर्णतया प्रतिबन्धित करने व इस हेतु परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस कर्मी अभ्यर्थियों की तलाशी हेतु तैनात करने, अनुचित साधनों का प्रयोग रोकने तथा प्रश्नपत्र के रख-रखाव एवं उनके संचरण के मध्य समुचित सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक प्रशासन/पुलिस बल उपलब्ध कराने, अन्य कोई कठिनाई जो सुरक्षा सुनिश्चित से सम्बन्धित हो, का निराकरण कराया जाने तथा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किये जाने की तैयारी की गयी है।

सभी सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा सम्बंधित अन्य अधिकारीगण उक्त बैठक में उपस्थित रहें। बैठक के बाद सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केन्द्र का भ्रमण करेगें तथा केन्द्र व्यवस्थापक और सहायक केन्द्र व्यवस्थापक से सम्पर्क करके सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायेंगे।

प्रश्न पत्र के पैकेट खोलने के पूर्व यह सुनिश्चित कर ले कि पैकेट उसी केन्द्र के लिए ही है। प्रश्न पत्र खोले जाने तथा समय की वीडियो रिकार्डिंग कराया जाना अनिवार्य है तथा इस आशय के प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर लिये जायेंगे। स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपनी देख-रेख में शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा को सम्पादित करायेंगे। समस्त केन्द्र व्यवस्थापक नकल विहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल परीक्षा सम्पन्न कराये जाने तथा परीक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्था हेतु उत्तरदायी होगें।

जनपद में धारा 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 पूर्व से ही प्रवृत्त है जिसके दृष्टिगत परिक्षा केन्द्रों के आस-पास 200 मीटर की परिधि में और आश्यकता पड़ने पर उसके बाहर भी केन्द्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक, परीक्षार्थी व ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के अतिरिक्त कोई अन्य व्यक्ति प्रवेश नहीं करेगा तथा परीक्षा तिथि 21 मई को 200 मीटर की परिधि में और आवश्यकता पड़ने पर उसके बाहर भी फोटो स्टेट/कॉपीयर की दुकानें बंद रहेंगी। कोई भी व्यक्ति या परीक्षार्थी किसी भी प्रकार का शस्त्रादी लेकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं करेगा। कोई भी व्यक्ति परीक्षा केन्द्र परिसर के अन्दर सेलुलर/मोबाइल फोन, पेजर या अन्य कोई इलेक्ट्रानिक वस्तु लेकर प्रवेश नही करेगा। परीक्षा केन्द्र के आस-पास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन तथा परीक्षा अवधि में पी०सी०ओ०, फैक्स व इन्टरनेट या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक वस्तु का संचालन पुर्णतया प्रतिबन्धित रहेगा।

उप जिला मजिस्ट्रेट सदर, सगड़ी, निजामाबाद आजमगढ़ अपने क्षेत्रान्तर्गत उक्त परीक्षा केन्द्र पर भ्रमणशील रहकर शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे तथा केन्द्रों का औचक निरीक्षण भी सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा व्यवस्था से जुड़े समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण पूर्ण मनोयोग से सत्यनिष्ठापूर्वक परीक्षा सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। किसी भी कार्मिक की शिथिलता से उत्पन्न होने वाली समस्या के लिये भारतीय न्याय संहिता-2023 तथा उ0प्र0 सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के सुसंगत प्राविधानों के अन्तर्गत अमल में लायी जायेगी।