*TV 20 NEWS || AZAMGARH : मकान निर्माण में बाधा डालने का आरोप, पीड़ित ने डीएम और मुख्य राजस्व अधिकारी से लगाई गुहार*

मकान निर्माण में बाधा डालने का आरोप, पीड़ित ने डीएम और मुख्य राजस्व अधिकारी से लगाई गुहार

आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के बड़सरा खालसा गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी भूमिधरी भूमि पर बन रहे मकान के निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और मुख्य राजस्व अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता इंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि ग्राम बड़सरा खालसा स्थित गाटा संख्या 717, रकबा 125 कड़ी उनकी भूमिधरी भूमि है। इस भूमि पर वह अपने भाइयों के साथ मकान का निर्माण करा रहे हैं। उनके अनुसार मकान की दीवार, जोड़ाई और शटरिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा केवल छत की ढलाई होना शेष है।

आरोप है कि पड़ोसी गांव भितरी निवासी विनोद कुमार यादव ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वर्ष 1994 में हुए चकबंदी के संबंध में वर्ष 2020 में दाखिल एक तजबीसानी प्रार्थना पत्र का हवाला देकर निर्माण रोका जा रहा है, जबकि संबंधित मामले में न तो मूल पत्रावली तलब की गई है और न ही किसी सक्षम न्यायालय या अधिकारी द्वारा निर्माण कार्य पर स्थगन आदेश पारित किया गया है।

प्रार्थी ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले छत की ढलाई होना जरूरी है। यदि निर्माण कार्य रुका रहा तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और मौके पर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्य राजस्व अधिकारी से मांग की है कि थाना कप्तानगंज पुलिस, राजस्व निरीक्षक और संबंधित लेखपाल को आवश्यक निर्देश देकर सुरक्षा के बीच निर्माण कार्य, विशेष रूप से छत की ढलाई, जल्द पूरी कराई जाए ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।