*TV 20 NEWS || AZAMGARH :’ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत सोशल मीडिया पर नकली पिस्टल के साथ वीडियो पोस्ट करने वाले युवक पर पुलिस की कार्यवाही*

*प्रेस नोट दिनांक 05.07.2026*
*थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़*

*🔹 ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत सोशल मीडिया पर नकली पिस्टल के साथ वीडियो पोस्ट करने वाले युवक पर पुलिस की कार्यवाही*

*🔹 अभिभावकों की उपस्थिति में की गई काउंसलिंग, सोशल मीडिया के दुरुपयोग एवं कानून पालन के प्रति किया गया जागरूक*

*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार* के निर्देशन में जनपद में संचालित ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के अंतर्गत सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति, असामाजिक गतिविधियों एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना दीदारगंज पुलिस द्वारा सोशल मीडिया की सतत निगरानी के दौरान यह संज्ञान में आया कि निहाल उर्फ राजन पंडित पुत्र कमलेश्वर पाण्डेय, निवासी ग्राम गोसड़ी, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 22 वर्ष, द्वारा प्लास्टिक की नकली पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया है। ऐसे वीडियो आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न करने के साथ-साथ युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर सकते हैं।

सूचना पर थाना दीदारगंज पुलिस द्वारा उक्त युवक को थाना परिसर बुलाया गया, जहां उसके अभिभावकों की उपस्थिति में विस्तृत काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान उसे कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा उसके दुरुपयोग से उत्पन्न होने वाले कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही उसके अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें कानून का सम्मान करने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने एवं सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित करें।

आजमगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के अंतर्गत सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले पोस्ट तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी एवं सतत कार्यवाही जारी रहेगी।

*पुलिस टीम*

उ0नि0 सुरेन्द्र सिंह यादव
कां0 वीरेन्द्र सरोज (जयप्रकाश)
थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़