*TV 20 NEWS ||LUCKNOW: वीबी-जी-राम-जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों के समग्र विकास को मिलेगी नई गति : केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस विज्ञप्ति

• *वीबी-जी-राम-जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों के समग्र विकास को मिलेगी नई गति : केशव प्रसाद मौर्य*
• *देश में प्रथम क़िस्त 25,869.06 करोड़ एवं उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक 3,210.76 करोड़ रुपये का आवंटन, उप मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का जताया आभार*

लखनऊ, 05 जुलाई 2026, आज भारत सरकार के केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित वीबी-जी-राम-जी योजना (VBG-RAM-G) से संबंधित ऑनलाइन बैठक में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य सम्मिलित हुए। इस वृहद ऑनलाइन बैठक में केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी के साथ विभिन्न राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रीगण जुड़े रहे। इस बैठक में उत्तर प्रदेश से उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी, ग्राम्य विकास आयुक्त श्री जी.एस. प्रियदर्शी, उपायुक्त (मनरेगा) श्री नागेन्द्र मोहन त्रिपाठी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण वर्चुअली उपस्थित रहे।

बैठक वीबी-जी-राम-जी योजना के अंतर्गत राज्यों को वित्तीय वर्ष हेतु धनराशि आवंटित (मदर सैंक्शन) हेतु केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी की अध्यक्षता में प्रथम क़िस्त के रूप में उत्तर प्रदेश के लिए 3,210.76 करोड़ रुपये की सर्वाधिक धनराशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। समस्त राज्यों के लिए कुल 25,869.06 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक धनराशि उपलब्ध कराए जाने पर केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि प्रदेश में ग्रामीण विकास कार्यों, रोजगार सृजन तथा आधारभूत संरचना के विकास को नई गति प्रदान करेगी।

बैठक में केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि वीबी-जी-राम-जी योजना के माध्यम से ग्रामीण गरीबों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक पात्र परिवार को कम से कम 125 दिनों के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत श्रमिकों को न्यूनतम 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी प्रदान की जाएगी तथा मजदूरी भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। समयबद्ध भुगतान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में योजना के क्रियान्वयन में आधुनिक तकनीक के व्यापक उपयोग पर भी विशेष बल दिया गया।

बैठक के उपरांत उप मुख्यमंत्री जी श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने ग्राम विकास आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए कि वीबी-जी-राम-जी योजना के सफल संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। स्टेट लिंक्ड स्कीम के माध्यम से लाभार्थियों के खातों की मैपिंग शीघ्र पूर्ण कर भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। श्रमांश, सामग्री मद एवं प्रशासनिक व्यय के लिए पृथक-पृथक बैंक खाते तत्काल खोले जाएं, जिससे वित्तीय प्रबंधन पूर्णतः पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहे। योजना के संचालन में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सभी जिलों में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा ब्लॉक स्तर के अधिकारी संचालित कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करायें। प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना आपकी जिम्मेदारी है।

श्री मौर्य जी ने कहा कि कार्यों की पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा प्रभावी निगरानी के लिए जीआईएस आधारित तकनीक, पीएम गति शक्ति प्लेटफॉर्म तथा अन्य डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचनाओं का अधिकतम उपयोग किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। एकल महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, ट्रांसजेंडर समुदाय तथा अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों को विशेष रोजगार गारंटी कार्ड उपलब्ध कराकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

अंत में उप मुख्यमंत्री जी ने कहा की ग्राम एवं पंचायतों का समग्र विकास तभी संभव है जब प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करे। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक गांव को विकसित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाना है। केन्द्र एवं राज्य सरकार मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आधारभूत सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा एवं सतत विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।