*TV 20 NEWS || AZAMGARH : जिलाधिकारी की विशेष पहल: अब सप्ताह में 04 दिन बैठेगा दिव्यांग बोर्ड, लंबित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र / यू.डी.आई.डी. कार्ड आवेदनों का होगा शीघ्र निस्तारण*

जिलाधिकारी की विशेष पहल: अब सप्ताह में 04 दिन बैठेगा दिव्यांग बोर्ड, लंबित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र / यू.डी.आई.डी. कार्ड आवेदनों का होगा शीघ्र निस्तारण

सोमवार, मंगलवार, बुधवार एवं बृहस्पतिवार को ओपीडी के बाद मण्डलीय जिला चिकित्सालय में होगी दिव्यांग बोर्ड की बैठक

दिव्यांगजनों की सुविधा एवं उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दिव्यांग बोर्ड बैठकों की संख्या बढ़ाकर सप्ताह में 04 दिन का निर्णय लिया गया है- जिलाधिकारी

डीएम ने अपील किया कि लंबित आवेदनों वाले दिव्यांगजन निर्धारित 4 दिवसों में बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर कराएं परीक्षण

आजमगढ़ 05 जुलाई 2026

दिव्यांगजनों को समयबद्ध रूप से दिव्यांगता प्रमाण-पत्र /यू.डी.आई.डी. (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की विशेष पहल पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब जनपद आजमगढ़ में दिव्यांग बोर्ड की बैठक सप्ताह में दो दिन के स्थान पर सप्ताह में चार दिन आयोजित की जाएगी। यह बैठक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बुधवार एवं बृहस्पतिवार को ओपीडी समय समाप्त होने के बाद मण्डलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में आयोजित होगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बड़ी संख्या में ऐसे दिव्यांगजन हैं जिन्होंने यू.डी.आई.डी. पोर्टल पर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र /यू.डी.आई.डी. कार्ड के लिए आवेदन तो किया है, किन्तु विभिन्न कारणों से अब तक दिव्यांग बोर्ड के समक्ष परीक्षण हेतु उपस्थित नहीं हो सके हैं। ऐसे लंबित आवेदनों के कारण प्रमाण-पत्र निर्गत होने में विलंब हो रहा है तथा पात्र दिव्यांगजन विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ से भी वंचित रह रहे हैं।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित दिव्यांगजनों से अपील की है कि जिनका आवेदन लंबित है तथा जो अभी तक बोर्ड के समक्ष उपस्थित नहीं हुए हैं, वे निर्धारित दिवसों में दिव्यांग बोर्ड के समक्ष अपनी भौतिक स्थिति के परीक्षण हेतु अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, ताकि उनके दिव्यांगता प्रमाण-पत्र/ यू.डी.आई.डी. कार्ड शीघ्र जारी किए जा सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि आजमगढ़ जैसे बड़े जनपद में दिव्यांग बोर्ड की सप्ताह में केवल दो दिन बैठक होना पर्याप्त नहीं था। इसी कारण यू.डी.आई.डी. पोर्टल पर लंबित आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। दिव्यांगजनों की सुविधा एवं उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बोर्ड की बैठकों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, जिससे लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया है कि दिव्यांग बोर्ड की बैठक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बुधवार एवं बृहस्पतिवार को ओपीडी समय के बाद नियमित रूप से आयोजित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही स्वयं प्रभावी अनुश्रवण करते हुए लंबित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यू.डी.आई.डी. कार्ड के आवेदनों का त्वरित निस्तारण कराएं, जिससे अधिक से अधिक दिव्यांगजन शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यू.डी.आई.डी. कार्ड निर्गत करने हेतु स्वावलंबन (यू.डी.आई.डी.) पोर्टल संचालित किया जा रहा है। इस पोर्टल पर आवेदन करने के बाद प्रत्येक आवेदक को मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा गठित दिव्यांग बोर्ड के समक्ष चिकित्सीय परीक्षण के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है। परीक्षण उपरांत पात्र पाए जाने पर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यू.डी.आई.डी. कार्ड जारी किए जाते हैं।

जिला सूचना कार्यालय आजमगढ़ द्वारा जनहित में प्रचारित