*TV 20 NEWS || AZAMGARH:जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में तहसील बूढ़नपुर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस*

जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में तहसील बूढ़नपुर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

पैमाइश के बाद खूंटा उखाड़ने वाले दबंगों पर होगी कड़ी कार्रवाई – जिलाधिकारी

जनशिकायतों के निस्तारण में पुलिस व राजस्व विभाग बेहतर समन्वय से करें कार्य – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

आजमगढ़, 06 जुलाई 2026/

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में तहसील बूढ़नपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनपद की अन्य तहसीलों में भी नामित अधिकारियों की अध्यक्षता में जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं तथा उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी ने बताया कि सर्वाधिक शिकायतें आईजीआरएस, राजस्व एवं विकास कार्यों से संबंधित प्राप्त हुईं। कुछ मामलों का तत्काल निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण के उपरांत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराते हुए नियमानुसार पैमाइश कर खूंटा गाड़कर कब्जा दिलाया जाए। यदि कोई दबंग व्यक्ति पैमाइश के बाद खूंटा उखाड़ता है अथवा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बरसात के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर पंचायत क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था एवं कूड़ा-कचरा हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं अतिक्रमण के कारण नालियां अवरुद्ध हैं, वहां तत्काल अतिक्रमण हटाकर जल निकासी सुनिश्चित की जाए। निर्देशों का पालन न होने तथा इसके कारण जनस्वास्थ्य प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत अपने विभाग से संबंधित सर्वाधिक शिकायतों वाले गांवों एवं आईजीआरएस पर अधिक शिकायत प्राप्त गांवों का भ्रमण कर शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करें तथा समस्याओं का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस बहुविभागीय शिकायतों के प्रभावी निस्तारण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 140 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 132 शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर, तहसीलदार बूढ़नपुर, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।