*TV 20 NEWS ||LUCKNOW:पौधरोपण महायज्ञ-2026 को जनआंदोलन बनाएं, 12 जुलाई को 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य हो पूरा : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य*

प्रेस विज्ञप्ति

• पौधरोपण महायज्ञ-2026 को जनआंदोलन बनाएं, 12 जुलाई को 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य हो पूरा : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

• अधिकारियों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश

• “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक नागरिक लगाए पौधा और माँ की तरह करें उसकी देखभाल

मा० उप मुख्यमंत्री, श्री केशव प्रसाद मौर्य जी

लखनऊ। दिनांक 09-07-2026, मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 12 जुलाई को 35 करोड़ पौधे रोपित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करते हुए मा० उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने ग्राम्य विकास विभाग के उच्चाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महाभियान को पूर्ण गरिमा, भव्यता और शत-प्रतिशत सफलता के साथ धरातल पर उतारा जाए एवं आईईसी (Information, Education and Communication) सोशल मीडिया, होर्डिंग्स, और स्थानीय प्रचार माध्यमों से जनपदों में ब्लॉक और गाँव स्तर पर प्रदेश्वशियों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व को समझाते हुए प्रेरित किया जाए।
आज उत्तर प्रदेश के मा० उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महायज्ञ-2026 को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 35 करोड़ पौधे रोपित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जनभागीदारी का महाअभियान है।

उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़े और कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए।

उन्होंने विशेष रूप से सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बच्चों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग—चाहे गरीब हो या अमीर—से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण, संरक्षण और देखभाल पूरे स्नेह एवं समर्पण के साथ करती है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति अपने लगाए हुए पौधे की भी नियमित देखभाल करे। पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसका संरक्षण एवं संवर्धन है।
श्री मौर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधरोपण महायज्ञ-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक जनपद में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए तथा प्रत्येक विकास खंड एवं ग्राम स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान में अधिकतम जनसहभागिता हो तथा प्रत्येक स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाए।
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आईईसी (Information, Education and Communication) गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत भवनों, सार्वजनिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा अन्य सार्वजनिक परिसरों में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ और प्रत्येक पौधे का अभिलेखीकरण एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित निगरानी, सिंचाई, सुरक्षा तथा जीवित रहने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान के वास्तविक उद्देश्य की पूर्ति हो सके। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान को अपना दायित्व मानकर आगे आएगा तो उत्तर प्रदेश पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनेगा।

श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने अत्यंत आत्मीय संदेश देते हुए कहा:
जिस प्रकार एक माँ अपने बच्चों का पालन-पोषण और देखरेख निस्वार्थ भाव से करती है, ठीक उसी प्रकार हम सभी का यह परम कर्तव्य है कि हम न केवल पौधा लगाएं, बल्कि एक माँ की तरह उसकी सुरक्षा और देखरेख का संकल्प भी लें।