*TV 20 NEWS || AZAMGARH : महुला में शुरू हुई गंगा दूध डेरी फार्म,22.70 लाख की लागत से तैयार इकाई में 20 गायों का पालन*
महुला में शुरू हुई गंगा दूध डेरी फार्म,22.70 लाख की लागत से तैयार इकाई में 20 गायों का पालन ।
आजमगढ़। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र के महुला में शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गंगा दूध डेरी फार्म का शुभारंभ किया गया है। डेरी फार्म के संचालक विजय राय ने बताया कि गौ सेवा को समर्पित भाव से उन्होंने इस डेरी की स्थापना की है, जहां शुद्ध दूध के साथ-साथ दूध से बने पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पाद भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विजय राय ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक शुद्ध और पौष्टिक दुग्ध उत्पाद पहुंचाने के उद्देश्य से इस डेरी की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि आज के समय में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बढ़ती समस्या के बीच लोगों को शुद्ध दूध और उससे बने उत्पाद उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि गंगा दूध डेरी फार्म का निर्माण लगभग 22 लाख 70 हजार रुपये की लागत से कराया गया है। वर्तमान में डेरी में करीब 20 गायों का पालन-पोषण किया जा रहा है, जिनकी देखभाल और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है। आधुनिक व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण में गायों का पालन कर गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन किया जा रहा है। विजय राय ने कहा कि गौ माता की सेवा करते हुए उन्होंने यह जिम्मेदारी उठाई है कि लोगों को शुद्ध एवं पौष्टिक दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराए जाएं। उनका उद्देश्य केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि गौ संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी है। स्थानीय लोगों ने भी डेरी फार्म की स्थापना को क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक पहल बताते हुए इसकी सराहना की है। ग्रामीणों का मानना है कि इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को शुद्ध दूध तथा अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।






