*TV 20 NEWS || AZAMGARH : आगामी कांवड़ यात्रा/सावन मेला, बारावफात, अन्य पर्वों को सकुशल संपन्न कराने हेतु डीएम,एसएसपी ने जनपदवासियों के साथ की,पीस कमेटी की बैठक*

आगामी कांवड़ यात्रा/सावन मेला, बारावफात, अन्य पर्वों को सकुशल संपन्न कराने हेतु डीएम,एसएसपी ने जनपदवासियों के साथ की,पीस कमेटी की बैठक

सभी त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क – जिलाधिकारी

श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया निर्देश

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर होगी सख्त विधिक कार्रवाई: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

आजमगढ़, 22 जुलाई, 2026/

आगामी कांवड़ यात्रा/सावन मेला, बारावफात एवं अन्य प्रमुख पर्वों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के संयुक्त अध्यक्षता में हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि जनपद में सभी पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पर्वों के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

जिलाधिकारी ने नगर निकाय, विद्युत, जल निगम, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, परिवहन तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों, मंदिरों, मेला स्थलों एवं अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, जलाशयों में बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थापित किए जा रहे विश्राम स्थलों का संबंधित अधिकारी स्वयं निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें तथा पर्व प्रारंभ होने से पूर्व उसका सत्यापन भी सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा, गुरु पूर्णिमा एवं अन्य पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि डीजे एवं साउंड सिस्टम निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं तथा डीजे की ऊंचाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक न हो। साथ ही किसी भी व्यक्ति को डीजे के ऊपर बैठने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूर्व में ही इन व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा भ्रामक सूचना प्राप्त होती है तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद पुलिस आगामी पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, आयोजकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, जिससे किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था पूर्ण रूप से बनी रहे।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी से प्रशासन का सहयोग करते हुए जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, थाना प्रभारी, पीस कमेटी के सदस्य, धर्मगुरु एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।