*TV 20 NEWS || AZAMGARH : 2027 चुनाव का केंद्र मंडल, बूथ की मजबूती से तय होगी भाजपा की जीत: धर्मपाल सिंह*

प्रकाशनार्थ

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को आज़मगढ़ में आज़मगढ़, लालगंज, मऊ एवं बलिया जिलों के जिलाध्यक्षों, विधायकों, मंडल अध्यक्षों, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला पदाधिकारियों तथा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकों में संवाद किया। श्री धर्मपाल सिंह ने मंडल अध्यक्षों के साथ बूथ विजय की रणनीति साझा की और आदर्श मंडल निर्माण, मंडल संचालन का मंत्र सौंपा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि मंडल की संरचना संगठन की धुरी है। आदर्श मंडल के निर्माण से ही मजबूत शक्ति केंद्र और सशक्त बूथ का निर्माण होता है, जिससे जिला एवं प्रदेश संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि मंडल कार्यसमिति के प्रत्येक सदस्य को सक्रिय भूमिका एवं स्पष्ट दायित्व दिए जाएं तथा उनकी जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि आदर्श मंडल निर्माण के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण होना चाहिए, जिससे निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा और कार्य संस्कृति विकसित होती है। प्रत्येक मंडल में नियमित बैठकें आयोजित हों तथा बैठक कार्यवाही रजिस्टर का सुव्यवस्थित संधारण अनिवार्य रूप से किया जाए। प्रत्येक बैठक में विगत अभियानों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा हो तथा आगामी कार्यक्रमों को पहले से अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाए।

श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों, वरिष्ठ एवं पुराने कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों को प्रत्येक संगठनात्मक कार्यक्रम से जोड़ने का सतत प्रयास किया जाना चाहिए। इससे संगठन का विस्तार, कार्यकर्ताओं का उत्साह तथा समाज के साथ पार्टी का संवाद और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का केंद्र मंडल होगा। मंडल की सक्रियता से ही शक्ति केंद्र मजबूत होंगे और शक्ति केंद्रों की मजबूती से बूथ सशक्त होंगे, जो भारतीय जनता पार्टी की विजय का आधार बनेंगे।

अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने समरसता संकल्प अभियान प्रारंभ किया है। यह अभियान जन-जन तक श्री गुरु रविदास जी के विचारों को पहुँचाने तथा भारतीय संस्कृति, धर्म और सामाजिक समरसता के लिए उनके योगदान से समाज को परिचित कराने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि हमारे संतों एवं महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और कृतित्व को लोकव्यापी बनाने से समाज के प्रत्येक वर्ग में अपनी संस्कृति, विरासत और राष्ट्र के प्रति गौरव का भाव जागृत होता है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कराया, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन, संघर्ष और विचारों से प्रेरणा प्राप्त कर सके।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अनुसूचित जाति एवं वंचित वर्गों पर अत्याचार हुए। खेतों एवं मकानों पर अवैध कब्जे किए गए तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी हो गई थी कि माताओं, बहनों और बेटियों का घर से निकलना भी कठिन हो गया था। ऐसे समय में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद सुदृढ़ कानून-व्यवस्था स्थापित हुई। घर, खेत और खलिहान सुरक्षित हुए तथा माताओं, बहनों और बेटियों का सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अनुसूचित मोर्चा को अनुसूचित जाति वर्ग के बीच केंद्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की योगी सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए किए गए कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एल लेकर पहुंचना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई सकारात्मक दृष्टि है और न ही विकास का कोई विजन। वह केवल अपने परिवारों को सत्ता में स्थापित करने की राजनीति करता है। इसी उद्देश्य से विपक्ष झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का कार्य कर रहा है। हमें सजग रहकर तथ्यों के आधार पर विपक्ष के प्रत्येक भ्रामक प्रचार का प्रभावी उत्तर देना है और विपक्ष के प्रत्येक निगेटिव नरेटिव को ध्वस्त करना है।

जिलाध्यक्षों एवं विधायकों के साथ चर्चा करते हुए श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन के कार्यक्रमों एवं अभियानों का प्रभावी ढंग से आयोजन किया जाए तथा केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के कार्यों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लेखा-जोखा लेकर बार-बार जनता के बीच जाया जाए। हम निरंतर जनसंपर्क और जनसंवाद का स्वभाव विकसित करेंगे, तो चुनाव के समय अतिरिक्त परिश्रम की आवश्यकता कम होगी और विजय का अंतर भी अधिक होगा।
अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने की और संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार दारा सिंह चौहान, मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार दानिश आजाद अंसारी,केतकी सिंह ,प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, संचिता श्री चौहान, ध्रुव सिंह विनोद राजभर,अखिलेश मिश्रा गुड्डू, सतेन्द्र राय, मंजू सरोज, जयनाथ सिंह शिवनाथ सिंह दुर्ग विजय यादव डॉक्टर श्याम नारायण सिंह श्री कृष्ण पाल प्रेम प्रकाश राय ऋषिकांत राय पदाधिकारी कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।