*TV 20 NEWS || AZAMGARH : जिलाधिकारी ने अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन का किया आकस्मिक निरीक्षण, शिक्षक की भूमिका में नजर आए जिलाधिकारी*

जिलाधिकारी ने अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन का किया आकस्मिक निरीक्षण, शिक्षक की भूमिका में नजर आए जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से पढ़ाई एवं उनकी रुचियों की ली जानकारी

जिलाधिकारी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने तथा निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति हेतु किया प्रेरित

छात्र-छात्राओं से संवाद कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण का डीएम ने दिया निर्देश

आजमगढ़, 21 अगस्त 2026/

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने अटल आवासीय विद्यालय, गंभीरवन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं अग्नि सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्र/छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए शिक्षक की भूमिका में नजर आए। जिलाधिकारी ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से विभिन्न विषयों में उनकी रुचि, पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं तथा भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इसके बारे में भी पूछा। जिलाधिकारी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने तथा निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ उनकी प्रतिभा एवं रुचि को बढ़ावा देना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संगीत की कक्षा में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने संगीत में रुचि रखने वाले बच्चों से विभिन्न वाद्य यंत्र बजवाकर उनकी प्रतिभा को देखा तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, मेन्यू एवं भोजन की नियमितता के बारे में सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थापित अग्निरोधी उपकरणों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अग्निशमन उपकरणों की नियमित रूप से जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें सुव्यवस्थित एवं निर्धारित स्थान पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अग्नि सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों एवं स्टाफ को अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी भी दी जाए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं अन्य स्थानों में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान उप श्रमायुक्त राजीव सिंह, सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार, विद्यालय प्रबंधन एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।