*TV 20 NEWS || AZAMGARH:मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में तहसील निजामाबाद में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस*
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में तहसील निजामाबाद में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी—मुख्य विकास अधिकारी
आजमगढ़, 19 सितंबर 2026//
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल की अध्यक्षता में तहसील निजामाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की सुनवाई के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण करते हुए शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके की स्थिति एवं उपलब्ध अभिलेखों का परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही न हो। साथ ही, प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की स्थिति से अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 60 शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सिद्धार्थ सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, क्षेत्राधिकारी फूलपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।






