*TV 20 NEWS || LUCKNOW: ‘हनुमान अंश’ फिल्म ने मुझे व परिवार को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया : केशव प्रसाद मौर्य*
प्रेस विज्ञप्ति
• *‘हनुमान अंश’ फिल्म ने मुझे व परिवार को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया : केशव प्रसाद मौर्य*
• *बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित ‘हनुमान अंश’ फिल्म आत्मीयता और आध्यात्मिक भाव से परिपूर्ण*
• *नई पीढ़ी धर्म, संस्कृति से जुड़कर अपने सपनों को साकार कर रही है, यह देखकर प्रसन्नता होती है* :
• *नीब करौरी बाबा का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे, ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम को शुभकामनाएं* :
• *अयोध्या, विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता के रूप में राम जी और हनुमान जी के चरण स्पर्श से दिन प्रारंभ होता था*
*उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य*
*लखनऊ, 22 सितम्बर 2026, उत्तर प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य से उनके सरकारी आवास 7 कालिदास मार्ग पर पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवनचक्र पर आधारित बहुचर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता सुश्री अनुप्रिया नागर जी ने अपनी माताजी तथा निरंजन पीठाधीश्वर पूज्य श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज के प्रचार-प्रसार प्रभारी शान्तनु शुक्ल जी के साथ भेंट की, उप मुख्यमंत्री ने अनुप्रिया को पटका पहनते हुए स्मृति स्वरूप हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की।*
मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने फिल्म की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा, “मैंने अपने पूरे परिवार के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी है। फिल्म का प्रत्येक दृश्य अत्यंत आत्मीय, जीवंत और भावात्मक है। पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने मुझे गहराई से प्रभावित किया है।”
*अपनी व्यक्तिगत स्मृतियों को साझा करते हुए श्री मौर्य ने कहा कि जब वे विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता के रूप में अयोध्या में कार्य कर रहे थे, तब प्रतिदिन राम मंदिर में राम दरबार की सेवा करना और हनुमान गढ़ी मंदिर जाकर दर्शन कर प्रसाद ग्रहण करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। उन्होंने बताया कि श्री राम जी और श्री हनुमान जी के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने के बाद ही उनके दिन का प्रारंभ होता था।*
फिल्म की निर्माता सुश्री अनुप्रिया नागर ने फिल्म की सफलता की यात्रा साझा करते हुए बताया कि फिल्म लगभग 300 करोड़ रुपये के शानदार आंकड़े को छू चुकी है। डॉ. विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित पुस्तक पर आधारित यह फिल्म बजट की कमी के कारण बंद होने की कगार पर थी। अनुप्रिया नागर ने बताया कि जब वे यूके से भारत आईं, तब उनकी सहेली रागनी के माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी मिली। उन्होंने अपने 3 वर्षों की जमा-पूंजी इस फिल्म में लगा दी। आज जो सफलता, धन और नाम उन्हें मिला है, वह सब पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज जी का ही चमत्कार है। फिल्म में पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज जी का मुख्य किरदार अभिनेता शोभिनव सत्य ने निभाया है।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी नई पीढ़ी (Gen Z) देश, धर्म और संस्कृति को दिल से मानती है तथा अपने सपनों को धर्म के मार्ग से जोड़ रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में फिल्म का निर्माण करने के लिए ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम को धन्यवाद दिया और आशा जताई कि यह टीम भविष्य में भी ऐसी ही उत्कृष्ट फिल्में बनाकर देश की युवा पीढ़ी को धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूक करती रहेगी।






