*TV 20 NEWS || AZAMGARH :जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक की अध्यक्षता में सम्पन्न*

जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक की अध्यक्षता में सम्पन्न

दृष्टि की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभार्थियों को जन कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने पर बल

शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचायें लाभ-विधान परिषद सदस्य

सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत कैम्प एवं स्टॉल लगाकर जनमानस को योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए किया जाए लाभान्वित

योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानी एवं सकारात्मक फीडबैक के वीडियो सोशल मीडिया पर करें अपलोड

वंचित पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाकर अन्त्योदय एवं सर्वाेदय की भावना को करें साकार- विजय बहादुर पाठक

आजमगढ़, 28 सितंबर 2026//

जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक मा0 विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं तथा परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाये जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मा0 विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अपने-अपने विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक पात्र आवेदकों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सभी विभाग निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कैम्प एवं स्टॉल लगाकर विभिन्न प्रचार सामग्री के माध्यम से जनमानस को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करायें तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलायें। उन्होंने निर्देशित किया कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों के जीवन में आये सकारात्मक बदलाव एवं उनके फीडबैक पर रील तथा पॉजिटिव वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किये जायें, ताकि अन्य लोग भी सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लाभ एवं प्रक्रियाओं से परिचित होकर उसका लाभ उठा सकें।

अध्यक्ष एवं उपस्थित सदस्यों ने कहा कि योजनाओं से वंचित रह गये पात्र व्यक्तियों को भी चिन्हित कर विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचने से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की अन्त्योदय एवं सर्वाेदय की भावना साकार होगी।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने का वार्षिक लक्ष्य 1,39,278 के सापेक्ष 55,326 की पूर्ति की जा चुकी है तथा 83,952 लाभार्थी अवशेष हैं। अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर कैम्प आयोजित कर अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित किया जाए।

उत्तर प्रदेश कुक्कुट विकास नीति योजना की समीक्षा करते हुए कामर्शियल लेयर फार्म के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने तथा अण्डा उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया। अध्यक्ष ने अवशेष विकास खण्डों में भी पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं, विशेष रूप से मिनी/नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों से आवेदन कराने के निर्देश दिये।

खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की समीक्षा में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री माटीकला योजना में प्राप्त 11 आवेदनों में से 03 आवेदन स्वीकृत किये जा चुके हैं। शेष आवेदकों के स्टीमेट शीघ्र तैयार कराकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने की कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना में वार्षिक लक्ष्य 10 को पूर्ण कराते हुए प्राप्त अन्य 14 आवेदनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी कार्यवाही की जा रही है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है तथा अब तक 7 हजार से अधिक युवाओं के ऋण स्वीकृत किये जा चुके हैं। वर्तमान सत्र में वार्षिक लक्ष्य 2,900 के सापेक्ष 4,322 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अध्यक्ष ने युवाओं को योजना के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए अधिकाधिक प्रेरित करने के निर्देश दिये।

जिला योजना के अंतर्गत गन्ना बीज वितरण पर अनुदान योजना, जैव उर्वरक वितरण एवं आधार बीज यातायात कार्यक्रम, अभिजनक बीज तथा आधार/प्राथमिक पौधशाला बीज के वितरण की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अधिकाधिक कृषकों को योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें अनुमन्य लाभ उपलब्ध कराने पर बल दिया।

उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान अनुसूचित जाति/जनजाति के कृषकों के लिए संचालित औद्यानिक योजनाओं तथा मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत फूलों, सब्जियों एवं फलों की खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। अध्यक्ष ने उप निदेशक उद्यान को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिकाधिक पात्र किसानों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को परम्परागत फसलों के साथ-साथ फूल, सब्जी एवं अन्य औद्यानिक फसलों की खेती से होने वाले लाभ के प्रति जागरूक किया जाए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के वर्तमान सत्र में वार्षिक लक्ष्य 1,600 के सापेक्ष 1,920 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी आवेदनों का सत्यापन कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के शुभ मुहूर्त में जनपद में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के अंतर्गत समय-समय पर जनपद में कार्यरत अधिकारियों द्वारा मोटिवेशनल क्लास आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा राइटिंग स्किल विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। शादी अनुदान एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान विशिष्ट प्रकार की मत्स्य हैचरी की स्थापना, मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना के अंतर्गत चिकित्सकीय एवं शिक्षा सहायता, मोपेड विद आईस बॉक्स योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयररेशन सिस्टम, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया गया। अध्यक्ष एवं उपस्थित सदस्यों ने मत्स्य विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र मत्स्य पालकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मछुआ समुदाय के लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। मत्स्य पालन के क्षेत्र में रोजगार एवं आयवृद्धि की नवीन सम्भावनाओं को देखते हुए पात्र व्यक्तियों को प्रोत्साहित किया जाए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मृदा स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण योजना, उ0प्र0 मिलेट्स पुनरोद्धार योजना, पं0 दीन दयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम, उ0प्र0 तिलहन/दलहन बीज मिनी किट वितरण योजना, संकर बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने की योजना, प्रमाणित बीजों पर अनुदान तथा कृषि सूचना तंत्र सुदृढ़ीकरण योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अध्यक्ष एवं सदस्यों ने कहा कि कृषि अन्नदाता की आजीविका का प्रमुख आधार है। कृषकों की आय में वृद्धि के लिए उन्हें खेती की नवीन एवं वैज्ञानिक विधियों से अवगत कराया जाए तथा जैविक एवं विविधीकृत खेती को प्रोत्साहित किया जाए।

दिव्यांगजनों को उनकी शारीरिक दिव्यांगता के अनुसार ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर, कान की मशीन, स्मार्ट केन, एमआर किट एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सुगम एवं सुविधाजनक बनाने पर बल दिया गया। अध्यक्ष ने पात्र दिव्यांगजनों को चिन्हित कर समयबद्ध ढंग से अनुमन्य उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

व्यावसायिक शिक्षा की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष एवं सदस्यों ने समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन कर जनपद के अधिकाधिक युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। साथ ही विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को मांग के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।

अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में हुनरमंद हाथों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बदलते दौर में युवाओं को अपनी रुचि एवं रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहिए।

लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजनान्तर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने उथले नलकूपों पर हौज, डीजल पम्पसेट एवं जल वितरण प्रणाली की स्थापना तथा मध्यम गहरे/उथले नलकूप निर्माण के कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कराने पर बल दिया।

छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी प्रकार की छात्रवृत्ति के आवेदन समय से छात्रों से भरवाये जाएं तथा संस्था स्तर से अग्रसारित कराते हुए उन्हें यथाशीघ्र शासन को प्रेषित किया जाए, जिससे पात्र छात्रों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त हो सके।

विधान मण्डल क्षेत्र विकास निधि योजना की वित्तीय स्थिति की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में स्वीकृत एवं अवशेष धनराशि के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर बल दिया गया।

मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में अवगत कराया गया कि वर्ष 2019 से 2026 तक अब तक लगभग 12 हजार पात्र लाभार्थियों को आवास योजना से आच्छादित किया जा चुका है। अध्यक्ष ने शेष पात्र लाभार्थियों को भी योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
बाबा साहब आंबेडकर प्रोत्साहन योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सत्र 2026-27 में लगभग 100 आवेदकों को योजना से जोड़ा जा रहा है। अध्यक्ष ने पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

अध्यक्ष ने कहा कि जिन अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त हो गये हैं, उनके निर्माण की कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध है, उन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही मा0 सांसद एवं विधायक निधि से कराये जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिये।

अध्यक्ष ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के जिन विद्यालयों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त मार्ग उपलब्ध नहीं है, ऐसे विद्यालयों की सूची उपलब्ध करायी जाए, ताकि संबंधित मार्गों का निर्माण डीसी मनरेगा के माध्यम से वीबी-जीरामजी योजना के अंतर्गत कराया जा सके।

बैठक में मा0 विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी एवं विधान परिषद सदस्य/विधायकगणों के प्रतिनिधिगण सहित मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, संयुक्त विकास आयुक्त, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एनआर वर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, डीसी एनआरएलएम डॉ0 आराधना त्रिपाठी सहित कृषि, शिक्षा, विद्युत, पशुपालन, उद्यान, श्रम, दिव्यांगजन कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, उद्योग, सिंचाई आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।