*TV 20 NEWS || AZAMGARH:वडनगर से वाराणसी यात्रा का जनपद आजमगढ़ में पहुंचने पर विभिन्न स्थलों पर होगा भव्य कार्यक्रम*
वडनगर से वाराणसी यात्रा का जनपद आजमगढ़ में पहुंचने पर विभिन्न स्थलों पर होगा भव्य कार्यक्रम
05 एवं 06 अक्टूबर को लालगंज व आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र सहित फूलपुर, लालगंज, निजामाबाद, अतरौलिया एवं आजमगढ़ विधानसभा क्षेत्र में होंगे विविध आयोजन
प्रधानमंत्री जी के जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने सहित यात्रा के शहरों व गांवों में सेवा और विकास पर होगा सहज संवाद
आजमगढ़, 01 अक्टूबर 2026//
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी लोकसभा क्षेत्र यात्रा के जनपद आजमगढ़ से गुजरने के दौरान 05 एवं 06 अक्टूबर 2026 को विभिन्न निर्धारित स्थलों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा के दौरान जनसंपर्क, स्वच्छता, वृक्षारोपण, मंदिरों में दर्शन-पूजन, लाभार्थियों से संपर्क, स्वास्थ्य परीक्षण, फल वितरण, चौपाल एवं यात्रा अनुभव साझा करने सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
सीडीओ ने बताया कि यात्रा के रूट-5 के अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र लालगंज में 05 अक्टूबर को जनपद के फूलपुर नगर (जगदीशपुर) में यात्रा का ठहराव होगा। यहां फूलपुर नगर का भ्रमण, वृक्षारोपण तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा। इसके उपरांत विकास खण्ड लालगंज की ग्राम पंचायत गोमाडीह में संध्या भजन-कीर्तन, रात्रि विश्राम एवं प्रातः जलपान आदि कार्यक्रम होंगे। 06 अक्टूबर को विकास खण्ड लालगंज के मसीरपुर में प्रातः रामजानकी मंदिर की साफ-सफाई, वृक्षारोपण एवं लाभार्थियों से संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रूट-7 के अंतर्गत 05 अक्टूबर को निजामाबाद में दुर्वासा ऋषि स्थल पर दर्शन-पूजन, जलपान एवं वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके बाद निजामाबाद मार्केट में संध्या भजन-कीर्तन एवं रात्रि विश्राम होगा। यात्रा के दौरान शीतला माता मंदिर की साफ-सफाई, ओडीओपी ब्लैक पॉटरी निर्माण स्थल का भ्रमण तथा गुरुद्वारा दर्शन भी किया जाएगा।
रूट-10 के अंतर्गत डाक बंगला अतरौलिया में यात्रा का ठहराव होगा। यहां कैलाश्वर धाम (कैली) में दर्शन-पूजन, वृक्षारोपण एवं लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वडनगर से वाराणसी यात्रा के क्रम में रूट-10 के माध्यम से लोकसभा क्षेत्र आजमगढ़ में भी विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 05 अक्टूबर को यात्रा तरही डिग्री कॉलेज, कप्तानगंज में पहुंचेगी, जहां वृक्षारोपण एवं ठहराव कार्यक्रम होगा। इसके पश्चात यात्रा कंधरापुर बाजार होते हुए भंवरनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां बाबा भंवरनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया जाएगा। इसके बाद यात्रा भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेगी तथा तत्पश्चात श्री मन मंगलम मैरिज हॉल, सिधारी में ठहराव होगा।
06 अक्टूबर को प्रातः यात्रा द्वारा श्री दुर्गा जी डिग्री कॉलेज, चंडेश्वर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, आजमगढ़ में सेवा यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा मरीजों में फल वितरण का कार्यक्रम होगा। इसके उपरांत विकास खण्ड ठेकमा की ग्राम पंचायत नरेहथा में लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा।
यात्रा के क्रम में विकास खण्ड तरवां के आरपीएम मैरिज हॉल, तरवां में चौपाल एवं यात्रा अनुभव साझा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद विकास खण्ड तरवां के मेहनाजपुर बाजार में प्राचीन शिव मंदिर मेहनाजपुर में पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के लिए यात्रा का ठहराव होगा।
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने समस्त नामित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों एवं संबंधित व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।






