*TV 20 NEWS || AZAMGARH :विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान*
*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान*
आजमगढ़ 21 अक्टूबर 2026//
अपर जिलाधिकारी भू0/रा0/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव ओझा ने बताया है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गयी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम के अन्तर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने हेतु 21 नवम्बर 2026 (शनिवार), 22 नवम्बर 2026 (रविवार), 28 नवम्बर 2026 (शनिवार), 29 नवम्बर 2026 (रविवार) को विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं।
उक्त निर्धारित विशेष अभियान तिथियों पर विभिन्न कार्यवाहियां शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाना अपेक्षित एवं अनिवार्य हैं। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में आयोग द्वारा निर्धारित किए गए विशेष अभियान दिवसों में पदाभिहित स्थलों पर आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था तथा पदाभिहित अधिकारी की प्रत्येक दशा में उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के आलेख्य प्रकाशन हेतु तैयार निर्वाचक नामावली के साथ-साथ दावे और आपत्तियों से सम्बन्धित सभी प्रकार के फार्मों यथा-6, 6ए, 7 एवं 8 इत्यादि की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। विशेष अभियान तिथियों में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एक हेल्प डेस्क बनायी जायेगी, जो मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता करेंगे। प्राप्त होने वाले सभी दावे और आपत्तियों से सम्बन्धित फार्मों का अभिलेखीकरण सुव्यवस्थित ढंग से किया जाय जिससे समय-समय पर निर्वाचक नामावलियों के पर्यवेक्षक और निरीक्षण अधिकारी को उनकी मांग पर तुरन्त उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होने बताया है कि मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेण्टों को भी उक्त तिथियों के बारे में अवगत कराते हुए उनका सहयोग प्राप्त किया जाएगा। सभासद, ग्राम प्रधान, वॉलेन्टियर को उक्त के संबंध में अवगत कराते हुए यथासंभव नियमानुकूल सहयोग प्राप्त किया जाएगा। विशेष अभियान दिवसों का व्यापक प्रचार-प्रसार शहरी क्षेत्रों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर लगाकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर किया जायेगा। आयोग द्वारा निर्धारित उक्त विशेष अभियान तिथियों का प्रिन्ट/इलेक्ट्रॉनिक/सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राजनैतिक दलों, सामाजिक संगठनों को सूचित किया जाए। विशेष अभियान तिथियों के कार्यक्रम के चुने हुये वीडियो (सेलेक्टिव फुटेज) जिले की वेवसाइट पर अवश्य अपलोड किये जायेंगे ताकि जन सामान्य भी उन्हें देख सकेंगे। इस निर्धारित विशेष अभियान दिवसों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा विशेष अभियान दिवसों में पदाभिहित स्थलों का भ्रमण करेगें। भ्रमण का कार्यक्रम इस प्रकार तैयार किया जाए, जिससे सभी पदाभिहित स्थल आच्छादित हो जाएं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रतिदिन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि इस कार्यक्रम में शिथिलता न आने पाये।
अपर जिलाधिकारी भू0/रा0/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को निर्देशित किया है कि उपर्युक्त निर्देशों का भलीभांति अध्ययन कर अपने अधीनस्थ समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं अन्य सम्बन्धित को तत्काल अवगत कराते हुए कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।






