*TV 20 NEWS || LUCKNOW:पूर्ववर्ती सरकारों ने संविधान की आत्मा को आपातकाल लगाकर कुचला और बाबा साहब को भूमाफिया कहकर अपमानित किया, विपक्ष को प्रदेश की जनता 2027 चुनाव हराकर करारा जवाब देगी*

प्रेस विज्ञप्ति
मीडिया कार्यालय, उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

*पूर्ववर्ती सरकारों ने संविधान की आत्मा को आपातकाल लगाकर कुचला और बाबा साहब को भूमाफिया कहकर अपमानित किया, विपक्ष को प्रदेश की जनता 2027 चुनाव हराकर करारा जवाब देगी।*

*प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश एवं विदेशों में पंचतीर्थ के निर्माण से बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और विचारों को विश्व पटल पर दिलाई नई पहचान : केशव प्रसाद मौर्य*

*संविधान की ताकत से गरीब, वंचित और सामान्य परिवारों के बेटे-बेटियां देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच रहे हैं : केशव प्रसाद मौर्य*

*प्रदेश में बाबा साहब की प्रतिमाओं एवं पार्कों का होगा सौंदर्यीकरण, 3955 स्थानों पर स्थापित की जाएंगी लाइब्रेरी*

*संविधान गौरव दिवस पर लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में ली संविधान की शपथ, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित*

*उप मुख्यमंत्री, श्री केशव प्रसाद मौर्य*

लखनऊ, 26 नवंबर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लोक भवन स्थित सभागार, लखनऊ में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के स्मृतिचित्र पर पुष्प अर्पित कर हुआ। इस अवसर पर श्री मौर्य ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कर उपस्थित लोगों को संविधान के प्रति निष्ठा एवं उसके मूल्यों के अनुरूप आचरण करने की शपथ दिलाई और वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के लगभग चार हजार स्थानों पर किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा बाबा साहब की प्रतिमाएं स्थापित होने वाले प्रदेश के सभी 3955 स्थानों पर लाइब्रेरी स्थापित किए जाने की घोषणा भी की गई। इन पुस्तकालयों के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों को अध्ययन, ज्ञानार्जन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संविधान गौरव दिवस हम सभी के लिए गर्व, सम्मान और संकल्प का दिवस है, भारत का संविधान विश्व के सर्वश्रेष्ठ संविधानों में से एक है। इसकी वास्तविक सार्थकता तभी है, जब देश का प्रत्येक नागरिक संविधान की भावना को आत्मसात करे और उसके अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।

श्री मौर्य ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, अधिकार और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया है, संविधान की शक्ति ही है कि एक आदिवासी परिवार में जन्म लेने वाली बेटी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति तक पहुंचती है और एक गरीब परिवार में जन्मे चाय बेचने वाले के बेटे को लगातार तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि संविधान ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि की सीमाओं को तोड़कर प्रतिभा, परिश्रम और योग्यता को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। आज विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आए लोग देश और प्रदेश के महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 26 नवंबर, 2015 से संविधान दिवस के रूप में व्यापक स्तर पर मनाने की शुरुआत हुई, जिन लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया। श्री मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों का इतिहास संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके आचरण से समझा जा सकता है, बाबा साहब के सम्मान और सामाजिक न्याय की बात करने वालों को अपने शासनकाल के कार्यों का भी जवाब देना चाहिए। कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के नाम से हटाए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व से सवाल किया कि बाबा साहब के प्रति सम्मान का दावा करने वाले लोगों ने ऐसा निर्णय क्यों लिया। कमजोर, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा केवल भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और संवेदनशील शासन व्यवस्था से होती है।

श्री मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का संकल्प है कि देश की सीमाएं सुरक्षित रहें, आतंकवाद और नक्सलवाद का समूल उन्मूलन हो तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। अनुच्छेद 370 के उन्मूलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान और गौरव के साथ फहराया जा रहा है। यह मजबूत नेतृत्व, राष्ट्रीय संकल्प और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के जीवन और योगदान को राष्ट्रीय चेतना में प्रतिष्ठित करने के लिए उनके जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कराया है। इनमें मध्य प्रदेश के महू स्थित जन्मभूमि, लंदन स्थित शिक्षाभूमि, नागपुर की दीक्षाभूमि, नई दिल्ली के 26 अलीपुर रोड स्थित महापरिनिर्वाण भूमि तथा मुंबई के दादर स्थित चैत्यभूमि शामिल हैं। इन पंचतीर्थों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहब के संघर्ष, शिक्षा, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा मिलती रहेगी।

श्री मौर्य ने कहा कि भारतीय संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, भगवान शिव, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान बुद्ध सहित भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता से जुड़े अनेक चित्र अंकित हैं। यह हमारे संविधान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाता है। संविधान सभा के सभी सदस्यों ने गहन विचार-विमर्श और लंबे परिश्रम के बाद देश को एक ऐसा संविधान सौंपा, जो भारत की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय का आधार है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से संविधान के प्रति सम्मान, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया। श्री मौर्य ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों के प्रति देश सदैव कृतज्ञ रहेगा। हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि संविधान के आदर्शों पर चलते हुए भारत को विकसित, सशक्त और विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाएं।

इस अवसर पर गरिमामयी रूप से मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक, वरिष्ठ मंत्री श्री सुरेश खन्ना, समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री बैजनाथ रावत, विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल, पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य श्री जे.पी. सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।