*TV 20 NEWS || AZAMGARH :प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने ग्राम बसही अकबालपुर में रात्रि जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना*

 

अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता: प्रभारी मंत्री

जन चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का किया निरीक्षण, पात्र लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए

गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराकर दिया पोषण एवं स्वास्थ्य का संदेश

आजमगढ़, 27 नवम्बर 2026।

मा० मंत्री, श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने अपने प्रभार जनपद आजमगढ़ के विकासखंड लालगंज अंतर्गत ग्राम बसही अकबालपुर में रात्रि जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने पर विशेष बल दिया।

जन चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टालों का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं लाभार्थियों के पंजीकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। स्टालों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण भी किया गया, जिससे उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने महिला एवं बाल विकास से संबंधित कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें पोषण पोटली प्रदान की तथा शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया।

प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभार्थी दुर्गावती, सुनीता एवं मीना कनौजिया को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसी क्रम में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने वाले आयुष्मान कार्ड लाभार्थी रीता देवी, राम लखन एवं फूलमती देवी को वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के अंतर्गत सुशीला सहित अन्य लाभार्थियों को चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार का संकल्प अंत्योदय एवं सर्वोदय की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। गरीब, किसान, महिला एवं नौजवान सहित समाज के सभी वर्गों का समग्र विकास सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और उसे आर्थिक रूप से इतना मजबूत बनाया जाना चाहिए कि वह आत्मसम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा हो सके। इसी प्रकार माताओं एवं बहनों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक रूप से सशक्त बनाना भी सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद को बेहतर चिकित्सा सुविधा से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं तथा गांव के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद श्रीमती संगीता आजाद, सहकारी चीनी मिल के उपसभापति ऋषिकांत राय एवं पूर्व विधायक आजाद अरिमर्दन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण कंडारकर, उप जिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा, परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानंद, उपायुक्त रोजगार डॉ. आराधना त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी अमरेंद्र कुमार, एसीएमओ डॉ. उमाशरण पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, रानू राजभर, भारत भीम चौहान, मुन्ना, हरिकेश एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।