लखनऊ। पूर्वांचल के बड़े ब्राह्मण नेता तथा कई सरकारों में कैबिनेट मंत्री रहे पंडित हरिशंकर तिवारी रविवार को अपने कुनबे के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। इनके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के विधायक जय चौबे भी सपा मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। प्रदेश के पूर्वांचल विशेषरूप से गोरखपुर, महराजगंज तथा संतकबीर नगर की राजनीति में बड़ा दखल रखने वाले ब्राह्मण नेता पंडित हरिशंकर तिवारी अपने पूर्व सांसद पुत्र भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी, चिल्लूपार से विधायक पुत्र विनय तिवारी, पूर्व विधान परिषद अध्यक्ष भांजे गणेश शंकर पाण्डेय से साथ समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। विनय तिवारी और कुशल तिवारी को बसपा से बाहर करने के बाद तिवारी परिवार ने यह बड़ा फैसला लिया है।
उत्तर प्रदेश की कई सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे पंडित हरिशंकर तिवारी के बड़े पुत्र भीष्म शंकर उर्फ कुशल तिवारी खलीलाबाद से बसपा से सांसद थे। उनके छोटे पुत्र पंडित हरिशंकर तिवारी की परंपरागत सीट चिल्लूपार से बसपा के विधायक हैं। इनके साथ उनके भांजे उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पाण्डेय अपने समर्थकों के साथ आज समाजवादी पार्टी का दामन थामेंगे।
इन सबके साथ ही भारतीय जनता पार्टी को भी आज बड़ा झटका लग रहा है। भाजपा से संत कबीर नगर के खलीलाबाद से विधायक जय चौबे भी समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। इन सभी का सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में होगा। बहुजन समाज पार्टी ने कुछ दिन पहले ही पंडित हरिशंकर तिवारी के परिवार को पार्टी से निकाला था। इसके बाद ही हरिशंकर तिवारी के विधायक बेटे विनय तिवारी की अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी। वहीं बस्ती मंडल में भी भाजपा को बड़ा झटका लगेगा। संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद से भाजपा के विधायक दिग्विजय नारायण चौबे उर्फ जय चौबे आज से समाजवादी पार्टी के सदस्य हो जाएंगे। चौबे परिवार का संतकबीरनगर में शिक्षा क्षेत्र में पकड़ बहुत मजबूत है।