*TV 20 NEWS || AZAMGHARH : आजमगढ़ में ई-आफिस के माध्यम से पत्रावलियों का धीमा संचालन,जिलाधिकारी ने ई-आफिस के पूर्ण संचालन पर जताई चिंता

आजमगढ़ 24 अगस्त– जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार ने बताया है कि जनपद-आजमगढ़ मे ई-आफिस के माध्यम से पत्रावलियों का व्यवहरण अत्यन्त धीमी गति से हो रहा है, जबकि ई-आफिस का संचालन शत-प्रतिशत किया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। कतिपय कार्यालयों में ई-आफिस के माध्यम से पत्रावलियों का व्यवहरण अत्यन्त न्यून है, जिसके कारण प्रदेश स्तर पर जनपद की स्थिति प्रभावित हुई है, जो अत्यन्त आपत्तिजनक है।

इसी प्रकार जनपद-आजमगढ में आई०जी०आर०एस० पोर्टल के माध्यम से जन-शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है, जबकि आई०जी०आर०एस० पोर्टल के माध्यम से शिकायतो का शत-प्रतिशत निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु आई०जी०आर०एस० पोर्टल को सुचारु रुप से संचालित कराया जाना आवश्यक है। ऐसी स्थिति में ई-आफिस प्रणाली एवं आई०जी०आर०एस० के सुचारु रुप से शत-प्रतिशत संचालन किये जाने हेतु प्रशिक्षण दिया जाना है। उन्होंने बताया कि हरिऔध कला केंद्र आजमगढ़ में दिनांक 25 अगस्त को 3.00 बजे से 4.00 बजे तक समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं समस्त पटल सहायक जो तकनिकी रूप से ई ऑफिस का कार्य देखते हैं एवं 4.00 बजे से 5.00 बजे तक समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं समस्त पटल सहायक जो तकनिकी रूप से आईजीआरएस का कार्य देखते हैं, को प्रशिक्षण दिया जाना है।

जिलाधिकारी ने समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपरोक्तानुसार निर्धारित तिथि / समय पर हरिऔध कलाकेन्द्र, आजमगढ़ में ई-आफिस प्रणाली/आई० जी०आर०एस० से सम्बन्धित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं समस्त पटल प्रभारी अपने आई०डी० पासवर्ड के साथ उक्त बैठक में अनिवार्य रुप से प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।