ABVP के कार्यक्रम से लौट रही युवती से छेड़छाड़, लात-घूसों से पीटा, वीडियो वायरल

आगरा। ताजनगरी में रविवार की दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी एक युवती से पड़ोसी युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसे जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। युवक की दंबग होने की वजह से क्षेत्रीय लोग युवती को बचाने की हिम्मत नहीं कर सके। जानकारी पर विद्यार्थी परिषद ने जगदीशपुरा थाना घेर लिया। दो घंटे बाद पुलिस के केस दर्ज करने पर हटे। पुलिस ने आरोपी के पिता को गिरफ्तार किया है।
घटना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के अवधपुरी की दोपहर 2:30 बजे की है। विद्यार्थी परिषद का रविवार को एत्मादपुर स्थित नेमीनाथ मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम था। युवती कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रही थी। आरोप है कि क्षेत्र में रहने वाले वंशी ने उसे पकड़ लिया। छेड़छाड़ की। विरोध करने पर जमीन पर गिराकर पैर से मारने लगा। बेरहमी से पिटाई की। क्षेत्रीय लोग दूर से देख रहे थे लेकिन कोई बचाने के लिए करीब नहीं आ सका। किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया।

उधर, थाना जगदीशपुरा पहुंचे कार्यकर्ताओं का कहना था कि पुलिस ने सुनवाई नहीं की। दो घंटे तक युवती बैठी रही। उसकी तहरीर नहीं ली गई। इस पर उन लोगों ने नारेबाजी की। सूचना पर एसीपी लोहामंडी दीक्षा सिंह पहुंच गईं। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब छेड़छाड़, मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी का केस लिखा गया।
आरोपी वंशी, उसके पिता लोटन सिंह और मां को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने लोटन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। एसीपी ने बताया कि मारपीट का वीडियो मिला है। युवती के बयान दर्ज कराए जाएंगे।