लखनऊ : योगी मंत्रिमंडल में अब दारा सिंह चौहान को मिलेगी जगह!

लखनऊ। सपा विधायक दारा सिंह चौहान आज भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके पहले उन्होंने यूपी के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंपा। इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद थे। दारा सिंह चौहान मऊ की घोसी सीट से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्होंने शनिवार को भी ई-मेल से इस्तीफा भेजा था। कहा जा रहा है कि पूर्वांचल के चौहान (नोनिया) वोट बैंक पर मजबूत पकड़ रखने वाले दारा सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
भाजपा में शामिल होने पर दारा सिंह चौहान ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के तमाम मुल्क भारत के पीछे चलने के लिए तैयार हैं। जिस तरह मोदी जी और गृहमंत्री अमित शाह काम कर रहे हैं उससे 2024 में तीसरी बार मोदी जी प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के सिपाही के रूप में मेरी घर वापसी हुई है। आगामी चुनाव में भाजपा यूपी में 80 में से 80 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि दारा सिंह चौहान प्रधानमंत्री मोदी के विकास के कार्यों में योगदान देने के लिए आए हैं। उनका आगमन भाजपा को और मजबूत करेगा।