बाराबंकी : सांसद ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी की गई वितरित

 

न्यूज़ ऑफ इंडिया ( एजेंसी )
बाराबंकी, 17 अगस्त 2023।

बाराबंकी सांसद उपेंद्र रावत ने आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों के बचाव एवं राहत कार्य का हेतमापुर बांध पर निरीक्षण किया एवं प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी वितरित की। ज़िलाधिकारी अविनाश कुमार ने आज बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लाया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य लगातार किए जा रहे हैं। तहसील और मुख्यालय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों का अनुश्रवण किया जा रहा है और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
सांसद उपेंद्र सिंह रावत एवम् पूर्व विधायक शरद अवस्थी द्वारा तहसील रामनगर अंतर्गत हेतमापुर बांध पर राहत शिविर में बतनेरा, हेतमापुर, सरसंडा,डिहुवा, बेलहरी, बतनेरा, जमका के मजरो में भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से विस्थापित परिवारों को सांसद उपेंद्र रावत एवम पूर्व विधायक शरद अवस्थी द्वारा प्रभावित लोगों को लंच पैकेट एवं नाविको को सेफ्टी किट का वितरण किया गया। नायब तहसीलदार कविता सिंह ने बताया कि हेतमापुर बांध पर राहत शिविर में बतनेरा, हेतमापुर, सरसंडा,डिहुवा, बेलहरी मजरे बतनेरा, जमका के मजरो में आज लगभग 1500 परिवारों को 7500 लंच पैकेट, 100 तिरपाल तथा अन्य राहत सामग्री वितरित की गई। वर्तमान में इस क्षेत्र में जल स्तर स्थिर है।
उच्चाधिकारियों द्वारा भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबधित को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
उधर उप ज़िलाधिकारी, राम सनेही घाट ने बताया कि उनके क्षेत्र में पानी अभी आबादी क्षेत्र में नहीं आया है। दूसरी तरफ उप ज़िलाधिकारी, सिरौली गौसपुर ने बताया कि उन्होंने आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्र एवं बाढ़ चौकियों का निरीक्षण किया एवं सम्बंधित को आवश्यक निर्देश दिए। बाढ़ चौकियों को भी सतर्क किया गया है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान जो पानी सड़क पर था वो शाम पांच बजे तक उतर गया। उन्होंने बताया कि जलस्तर लगातार घट रहा है और कोई भी आबादी क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित नहीं है। स्थानीय बाढ़ चौकियों द्वारा लगातार सतर्क निगाह रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि ग्राम तिलवारी, गोबराहा, कहारनपुरवा, बिहड़, सनारा, टेपरा, बधौलीपुरवा, नव्वनपुरवा, रेती से सरयू नदी का पानी सड़क से उतर गया है।आवागमन प्रारंभ है, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा यूनिट तैनात कर दी गई है।