लखनऊ: घोसी उपचुनाव में इन दलों का भी सपा को मिला साथ!

लखनऊ। घोसी विधानसभा सीट का उपचुनाव बड़े दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों ने ही चुनाव जीतने की जोर आजमाइश कर रखी है। इस चुनाव की सबसे खास बात यह है कि इसमें विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के प्रचार के लिए सैफई परिवार भी मैदान में कूद पड़ा है। राजनीतिक समीक्षकों के मुताबिक घोसी उपचुनाव से देश में बड़ा संदेश जाएगा और विपक्ष की तरफ से बने इंडिया गठबंधन में यूपी की तरफ से मजबूत भूमिका निभा रहे अखिलेश यादव की परीक्षा है, इसीलिए इस उपचुनाव में पूरे यादव कुनबे ने अपनी ताकत झोंक दी है।
यहां पर पहले से मोर्चा संभालने के लिए संगठन माहिर शिवपाल सिंह यादव को चुनाव में लगाया। इसके बाद रामगोपाल यादव फिर खुद अखिलेश यादव भी पहुंचे हैं। सियासी जानकर कहते हैं 2017 से लेकर अब तक कई उपचुनाव हो चुके है. उसमें न तो अखिलेश, न ही उनका परिवार इतना सक्रिय रहा है, जितना घोसी में दिख रहा है। एक मैनपुरी को छोड़कर इतनी सक्रियता देखने को नहीं मिली है। उसका परिणाम भी सकारात्मक रहा है। आजमगढ़ में परिवार के सदस्य धर्मेंद्र यादव जब मैदान में थे, सपा मुखिया डिमांड के बावजूद नहीं पहुंचे थे। ऐसे ही, चाहे गोला या खतौली, स्वार और छानबे में उपचुनाव, अखिलेश यादव प्रचार के लिए नहीं गए। रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में एक दिन प्रचार के लिए गए थे। पार्टी को वहां हार का सामना करना पड़ा था। शायद मैनपुरी उपचुनाव से अखिलेश को सबक मिला हो, इसी कारण उन्होंने पूरे परिवार को घोसी चुनाव में मैदान में उतारा है।