बर्तन मांज कर गुजारा करने वाली युवती ने किया हवाई सफर, मुंबई से चार्टर्ड विमान से 174 प्रवासी आए रांची

रांची। झारखंड के प्रवासी मजदूर चार्टर्ड विमान से गुरुवार को सुबह मुंबई से रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि मुंबई से आने वाला चार्टर्ड विमान सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचा। विमान में प्रवासी मजदूरों की संख्या 174 बताई जा रही है। 6 लोग स्वास्थ्य कारणों से नहीं आ सके। बता दें कि झारखंड में पहली बार प्रवासी मजदूर चार्टर्ड प्‍लेन से आए हैं। झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल से इन प्रवासी मजदूरों को चार्टर्ड प्‍लेन से रांची लाया गया। इसके बाद उन्‍हें उनके घर बस के जरिए भेजा गया।

डबडबाई आंखों से कहा- सब खुश रहें

कोरोना संकट काल में मजदूरों की जो तस्वीरें हमने देखी हैं, उसमें वे पैदल, साइकिल, ट्रक या ट्रेन से अपने घर लौटते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन जब गुरुवार की सुबह 8:45 बजे लगभग 174 मजदूर एयर एशिया के स्पेशल विमान से रांची एयरपोर्ट पर उतरे तो वहां मौजूद सभी के लिए वह यादगार पल बन गया। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मजदूर एक-एक कर एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे थे। हर मजदूर को वहां मौजूद पत्रकार अपने कैमरे में कैद कर लेना चाह रहे थे।

पहली बार हवाई सफर कर मुंबई से आयी एक युवती को यह क्षण भावुक कर गया। उनसे पत्रकार तरह-तरह के सवाल पूछ रहे थे और वह हैरतभरी नजरों से सबको देख रही थी। बहुत कुरेदने पर उसने अपना नाम आरती देवी बताया। उसने बताया कि वह कोडरमा की रहने वाली है। वहां बर्तन मांज कर अपने परिवार का गुजारा करती थी लेकिन लॉकडाउन के बाद सब कुछ छिन गया। पास बचाए हुए कुछ रुपये थे तो काम चल रहा था। कुछ दिन पहले एक दीदी ने फोन कर उन्हें घर पहुंचाने की बात कही। आरती बताती हैं कि उसने हवाई जहाज पर चढ़ने के बारे में कभी सोचा भी नहीं था। डबडबाई आंखों से उसने बस इतना कहा कि- सब खुश रहें।

इधर, बुधवार को इंडिगो के तीन व एयर एशिया के एक विमान से दिल्ली व हैदराबाद से कुल 616 यात्री रांची पहुंचे और 181 यात्री रांची से दिल्ली व हैदराबाद के लिए उड़ान भरे। इंडिगो के विमान (6ई 421) से सुबह 9:48 बजे 205 यात्री दिल्ली से रांची पहुंचे और रांची-दिल्ली विमान (6ई 398) से 93 यात्री दिल्ली के लिए उड़ान भरे। दोपहर 2:59 बजे इंडिगो के विमान (6ई 981) से 93 यात्री हैदराबाद से रांची पहुंचे और रांची-हैदराबाद विमान (6ई 989) से अपराह्न 3:50 बजे 48 यात्री हैदराबाद के लिए उड़ान भरे। इसी प्रकार, एयर एशिया के विमान से शाम में 150 यात्री दिल्ली से रांची पहुंचे और रांची-दिल्ली विमान से मात्र 12 त्री दिल्ली के लिए उड़ान भरे। इसके बाद शाम 7:21 बजे इंडिगो के दिल्ली-रांची विमान (6ई 535) से 168 यात्री रांची पहुंचे और रांची-दिल्ली विमान (6ई 6184) से रात 8:13 बजे 28 यात्री दिल्ली के लिए उड़ान भरे।