*TV20 NEWS|| LUCKNOW : बाबा साहेब की प्रतिमा रखने को लेकर बवाल… पथराव में महिला थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल!
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा सरकारी जमीन पर रखने की शिकायत की गई। इसे हटाने के विरोध में लोगों ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं-पुरुष एकत्र होकर नारेबाजी करने लगीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।घटना बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के मवई खातरी गांव की है। बताया गया कि तीन दिन पहले गांव में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा चोरी छिपे स्थापित कर दी गई। शनिवार की दोपहर 2 बजे बीकेटी, इटौंजा, महिंगवा, मड़ियांव थाने के साथ पीएसी और महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने प्रतिमा हटाने से मना कर दिया। विरोध पर पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें महिला थाना प्रभारी मेनका सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने पांच राउंड टियर गन का प्रयोग किया। हालात काबू करने की कोशिश की जा रही है।