आजमगढ़ 30 अक्टूबर– अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री राहुल विश्वकर्मा ने बताया है कि शासनादेश द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को स्वतंत्र भारत के वास्तुकार लौह पुरूष सरकार बल्लभ भाई पटेल की जयन्ती को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्देश प्राप्त हुए है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया है कि सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती दिनांक 31 अक्टूबर, 2025 को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में अत्यन्त भव्यता के साथ गरिमापूर्वक आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर देश की एकता और अखण्डता के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजन करते हुए शपथ ली जायेगी।
राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ का आलेख निम्न हैः- ‘ ‘मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूँ कि मैं राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूँगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूँ जिसे सरदार बल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूँ।’’
उन्होने बताया कि एकता, अखण्डता और सुरक्षा की भावना को मजबूती प्रदान करने लिए, जहां भी सम्भव हो, राज्य पुलिस और अन्य वर्दीधारी बलों या संरचनाओं और अन्य एजेंसियों द्वारा मार्च पास्ट का आयोजन किया जायेगा। जनपद में राष्ट्रीय एकता के संदेश को फैलाने के लिए, समाज के सभी वर्गों के लोगों के सहयोग से, उचित स्थानों पर रन फॉर यूनिटी का भी आयोजन किया जायेगा। कारागृहों में राष्ट्रीय एकता पर केन्द्रित कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
जनपद आजमगढ़ में दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूप रेखा तय करने हेतु जिलाधिकारी महोदय द्वारा मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उपरोक्तानुसार कार्यक्रम दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को पूर्वान्ह समय 11ः00 बजे आयोजित किया जायेगा।






