गोकशी,गोवध एवं संगठित अपराधों पर होगी कठोर कार्रवाही- डीएम व एसएसपी
गैंगचार्ट संबंधी प्रकरणों पर डीएम,एसएसपी ने की गहन परीक्षण एवं व्यापक मंथन
अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा-एसएसपी
जनपद में कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन व पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता
आजमगढ़, 08 मई 2026/
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिलाधिकारी कक्ष में गोकशी, गोवध, गैंगरेप, लूट, चोरी एवं अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गैंगचार्ट अधिनियम के तहत परिशीलन बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान विभिन्न थानों से प्राप्त गैंगचार्ट संबंधी प्रकरणों का गहन परीक्षण एवं व्यापक मंथन किया गया। अपराधियों के आपराधिक इतिहास, गतिविधियों एवं उनके विरुद्ध पूर्व में की गई कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि समाज में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न करने वाले अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर अधिनियम सहित अन्य कठोर कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि गोकशी, गोवध, महिला अपराध, लूट, चोरी एवं संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं साक्ष्य आधारित कार्रवाई करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
बैठक में अपराध नियंत्रण, अभियोजन की मजबूती तथा अपराधियों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपराधियों की संपत्तियों के संबंध में भी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए, जिससे अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में अमन-चैन, सामाजिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध लगातार कठोर अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






