*TV 20 NEWS || AZAMGARH : राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफल आयोजन, विभागों की तैयारियों का हुआ परीक्षण*
राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफल आयोजन, विभागों की तैयारियों का हुआ परीक्षण
आजमगढ़, 11 जून 2026/
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद आजमगढ़ में राज्य स्तरीय बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफल आयोजन किया गया। बाढ़ संवेदनशील तहसील सगड़ी में आयोजित इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न आपदा परिदृश्यों में संबंधित विभागों की तैयारी, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस मॉक एक्सरसाइज में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, नायब तहसीलदार, जिला आपदा विशेषज्ञ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, पीएसी, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड एवं आपदा मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की।
नाव दुर्घटना एवं डूबते व्यक्ति के बचाव का प्रदर्शन-
तहसील सगड़ी के गांगेपुर (गांधीनगर) क्षेत्र में बाढ़ के दौरान नाव पलटने एवं नदी में डूब रहे व्यक्ति को बचाने का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया। पुलिस, गोताखोरों एवं राहत-बचाव दलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
जलमग्न गांव से सुरक्षित निकासी का अभ्यास-
ग्राम गांगेपुर में बाढ़ के कारण गांव के जलमग्न होने की स्थिति का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर बाढ़ शरणालय तक पहुंचाने की प्रक्रिया प्रदर्शित की गई। साथ ही राहत एवं पुनर्वास व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का परीक्षण किया गया।
राहत शिविर एवं कम्युनिटी किचन संचालन का अभ्यास-
प्राथमिक विद्यालय दाम महुला में राहत शिविर एवं कम्युनिटी किचन की स्थापना का प्रदर्शन किया गया। आपदा प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय, भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था का अभ्यास कराया गया।स्वास्थ्य विभाग द्वारा राहत शिविर में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का भी प्रदर्शन किया गया।
मेडिकल कैम्प एवं स्वास्थ्य सेवाओं का प्रदर्शन-
ग्राम सहबदिया सुल्तानपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मेडिकल कैम्प स्थापित कर घायलों एवं बीमार व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार प्रदान करने का अभ्यास किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आपदा की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता एवं रेफरल व्यवस्था का प्रदर्शन किया।
विभिन्न विभागों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका-
मॉक एक्सरसाइज के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल सेवाएं, लोक निर्माण विभाग ने तकनीकी सहयोग, पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन, अग्निशमन विभाग ने बचाव कार्य, विद्युत विभाग ने विद्युत सुरक्षा तथा राजस्व विभाग ने राहत एवं पुनर्वास गतिविधियों का संचालन किया। स्वयंसेवी संगठनों एवं आपदा मित्रों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह ने कहा कि इस मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता एवं समन्वित कार्यप्रणाली का परीक्षण करना है, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क एवं सदैव तैयार रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस सफल आयोजन से जनपद में बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी तथा आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकेंगे।






