TV20 NEWS || LUCKNOW: 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के समस्त अमृत सरोवरों पर आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के समस्त अमृत सरोवरों पर आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम।
• उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध और भव्य तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
• स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की होगी सक्रिय भागीदारी: उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 16 जून 2026, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून, 2026) के अवसर पर प्रदेश के समस्त अमृत सरोवरों पर व्यापक एवं प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर केवल योग एवं स्वास्थ्य साधना के केंद्र तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के सशक्त मंच के रूप में विकसित किया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक बन चुका है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए तथा समाज में सकारात्मक चेतना का वातावरण निर्मित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी अमृत सरोवरों पर प्रातःकालीन योग सत्रों का आयोजन किया जाए, जिसमें अधिकाधिक संख्या में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। योग कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं, जिससे आमजन को विभिन्न महत्वपूर्ण अधिनियमों एवं सरकारी पहलों की जानकारी प्राप्त हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि इस अवसर पर VB-G RAM G अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों पर संवाद एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिनियम के उद्देश्यों, प्रमुख प्रावधानों तथा नागरिकों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को सरल एवं सहज भाषा में अधिनियम की उपयोगिता और उसके सामाजिक महत्व से अवगत कराया जाना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस विशेष आयोजन में स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवा मंडलों, महिला समूहों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, निबंध एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाए, जबकि स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय संगठनों को जनजागरूकता अभियान से जोड़ा जाए, ताकि कार्यक्रम का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।
श्री मौर्य ने कहा कि अमृत सरोवर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं सामुदायिक सहभागिता के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इन स्थलों पर आयोजित कार्यक्रम स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा जनकल्याण के विभिन्न आयामों को एक साथ जोड़ने का कार्य करेंगे। इससे न केवल योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि सामुदायिक एकता एवं सामाजिक चेतना को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की समुचित तैयारी समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक अमृत सरोवर पर सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जनसहभागिता आधारित आयोजन संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाए, ताकि स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान की जा सके।