TV20 NEWS ||AZAMGARH :जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध अतिक्रमणकर्ताओं एवं कूटरचित अभिलेखों के माध्यम से नाम दर्ज कराने वालों पर सख्त कार्रवाई, तीन मामलों में एफआईआर दर्ज

आजमगढ़, 16 जून 2026
जनपद में शासकीय भूमि, सार्वजनिक मार्गों एवं चकमार्गों पर अवैध अतिक्रमण तथा कूटरचित अभिलेखों के माध्यम से राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने वालों के विरुद्ध जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर तहसील प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक उपयोग की संपत्तियों एवं मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करने अथवा धोखाधड़ी एवं कूटरचना के माध्यम से राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित तहसील प्रशासन एवं राजस्व विभाग द्वारा जांचोपरांत विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

इसी क्रम में राजेन्द्र यादव पुत्र स्वर्गीय बालादीन, निवासी कोठिया, सरायमीर के विरुद्ध कार्रवाई की गई। राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित व्यक्ति को चकमार्ग पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद राजेन्द्र यादव द्वारा रात्रि में बार्जा एवं पोर्च का निर्माण कर चकमार्ग पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंची तथा आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई। इस संबंध में तहसील प्रशासन द्वारा थाना सरायमीर में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विधिक कार्रवाई की गई है।

एक अन्य प्रकरण में दयाराम यादव पुत्र स्वर्गीय चन्द्रधारी यादव, निवासी ग्राम अल्लीपुर, तहसील निजामाबाद द्वारा चकमार्ग पर मिट्टी डालकर ट्रैक्टर खड़ा कर दिया गया तथा पानी बहाकर मार्ग को अवरुद्ध कर आवागमन प्रभावित किया गया। मामले की जांच के उपरांत संबंधित लेखपाल द्वारा थाना रानी की सराय में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विधिक कार्रवाई कराई गई है।

इसके अतिरिक्त अभय यादव पुत्र सुदर्शन यादव, निवासी दवईत, तहसील मेंहनगर द्वारा सहखातेदार के रूप में अवैध एवं कूटरचित तरीके से अपना नाम दर्ज कराने का मामला प्रकाश में आया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित राजस्व निरीक्षक द्वारा अभय यादव के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा है कि जनपद में शासकीय भूमि, सार्वजनिक मार्गों, चकमार्गों एवं अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे मामलों की नियमित निगरानी करते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक संसाधनों की सुरक्षा बनी रहे तथा आमजन के हितों का संरक्षण किया जा सके।