*TV 20 NEWS || AZAMGARH : बाल कलाकारों के दमदार अभिनय से सजा ‘पनिया धनुष बाल नाट्य उत्सव’, ‘गीत न हाट बिकाये’ ने जीता दर्शकों का दिल*
बाल कलाकारों के सशक्त अभिनय से जीवंत हुआ ‘गीत न हाट बिकाये’
आज़मगढ़ । 20 जून 2026, रंगमंच, कला एवं साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित सूत्रधार संस्थान, आज़मगढ़ द्वारा आयोजित दो दिवसीय “पनिया धनुष बाल नाट्य उत्सव” के प्रथम दिन रैदोपुर स्थित आनंद मार्ग विद्यालय के भरतमुनि सभागार में अभिषेक पंडित द्वारा लिखित एवं ममता पंडित द्वारा निर्देशित नाटक “गीत न हाट बिकाये” का प्रभावशाली मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष डॉ. सी. के. त्यागी, भारतेन्दु कश्यप एवं राहुल जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
लोकजीवन की संवेदनाओं और मानवीय मूल्यों को केंद्र में रखकर प्रस्तुत इस नाटक में बाल कलाकारों ने अपनी सहज एवं प्रभावशाली अभिनय क्षमता से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पहली स्त्री की भूमिका में रिंकी तथा उनके पति के रूप में राणा अलेख भार्गव, दूसरी स्त्री की भूमिका में प्रसारिका पाठक एवं उनके पति के रूप में पार्थ कुमार पांडेय ने सराहनीय अभिनय किया। मकालू और खिलौने वाले के रूप में उदीषा पाठक, सरदार के रूप में नील सिंह, चकालु एवं सब्जी वाले की भूमिका में अथर्व कुमार पांडेय तथा नकालू के रूप में वीरादित्य मौर्य ने अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अक्षत पाठक ने सुनार तथा सावन ने फल वाले एवं हिरन की भूमिका निभाकर दर्शकों की विशेष सराहना प्राप्त की। वहीं विष्णु, विक्रम, सागर और चिन्मय पाठक ने विभिन्न पात्रों के माध्यम से नाटक को और अधिक जीवंत बनाया।
नाटक की सफलता में मंच के पीछे कार्यरत टीम की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। वस्त्र परिकल्पना का दायित्व नेहा, रिद्धि मित्रा, हर्ष मौर्य एवं राहुल यादव ने संभाला। संगीत संयोजन मुहम्मद जानी एवं अनादि अभिषेक द्वारा किया गया, जबकि ढोलक पर सहदेव ने अपनी थाप से प्रस्तुति को प्रभावी बनाया। प्रकाश व्यवस्था रंजीत कुमार एवं सुरजनाथ यादव ने संभाली। नाटक के लिए आकर्षक मंच सज्जा एवं सेट निर्माण का कार्य अंगद कश्यप, संदीप गोंड एवं सत्यम कुमार द्वारा किया गया, जिसकी दर्शकों ने विशेष सराहना की।
बाल कलाकारों की ऊर्जा, ममता पंडित के सशक्त निर्देशन तथा तकनीकी टीम के समन्वित प्रयासों से उत्सव का प्रथम दिवस अत्यंत सफल एवं यादगार रहा। साथ ही बाल कलाकारों (क्राफ्ट) चित्र प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहा और दर्शकों ने प्रस्तुति को भरपूर सराहना देते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।






